नाबालिग से अभद्रता मामले में एक गिरफ्तार, 4 आरोपितों की हुई पहचान

समस्तीपुर : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर नाबालिग लड़की के साथ कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मामले में चार आरोपितों की पहचान की है और अन्य की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है. पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर की शाम सोशल मीडिया निगरानी के दौरान यह वीडियो सामने आया था. तकनीकी सत्यापन के बाद वीडियो में दिखाई गयी घटना का स्थान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटवसेपुरा स्थित मोरवा जाने वाली सड़क के रूप में चिह्नित किया गया.
पुलिस ने खुद दर्ज कराया मामला
पुलिस के मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रही पीड़िता प्रथमदृष्टया नाबालिग प्रतीत हो रही थी. तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारी के बयान पर भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुसरीघरारी थाना कांड संख्या 159/26 दर्ज किया गया. अनुसंधान के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना करीब 14 अगस्त 2025 की है. जांच में मामले में संलिप्त चार आरोपितों की पहचान की गयी.


सूचना मिलने के 5 घंटे के भीतर एक गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के करीब पांच घंटे के भीतर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपित की पहचान लाटवसेपुरा गांव निवासी धर्मेंद्र सहनी, पिता शंकर सहनी के रूप में हुई है. पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है.
पीड़िता की पहचान उजागर करने वाली पोस्ट शेयर न करने की अपील
समस्तीपुर पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले या उसकी सामाजिक और मानसिक क्षति पहुंचाने वाले पोस्ट अथवा कंटेंट को शेयर न करें. पुलिस के अनुसार, ऐसे संवेदनशील वीडियो या पोस्ट को प्रसारित करना संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आ सकता है.




