सर्वे एप से पंचायतों में पेयजल व स्वच्छता सेवाओं का होगा डिजिटल मूल्यांकन, DDC की अध्यक्षता में पांच पंचायतों के प्रतिनिधियों को दिया गया प्रशिक्षण

समस्तीपुर : ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल और स्वच्छता सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए पंचायत स्तर पर डिजिटल सर्वे कराया जाएगा। इसके लिए बुधवार को जिला विकास अभिकरण (डीआरडीए) सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने की। इसमें जिले की पांच ग्राम पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, प्रखंड समन्वयक और स्वच्छता पर्यवेक्षकों को एसएलबी सर्वे एप के संचालन व उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पंचायतों में पेयजल, स्वच्छता और स्वच्छता व्यवहार से जुड़ी सेवाओं का सर्वे ऐप के माध्यम से सटीक व पारदर्शी डेटा जुटाने की जानकारी दी गई। सर्वे से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर पंचायत स्तर पर उपलब्ध सेवाओं की कमियों को चिह्नित कर उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर करने पर जोर दिया गया। यूनिसेफ के निखिल कुमार, डीआरडीए के निदेशक (लेखा) आशुतोष आनंद और जिला समन्वयक मो. हसनैन अनवर ने ऐप के तकनीकी पहलुओं, नियमित अनुश्रवण और डेटा के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।


डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल और बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने में पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों और स्वच्छता कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। डिजिटल सर्वे से प्राप्त सटीक आंकड़ों के आधार पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जा सकेगी और लोगों तक वाश सेवाओं का बेहतर लाभ पहुंचाया जा सकेगा। कार्यक्रम में पांच प्रखंडों के संबंधित पंचायत प्रतिनिधि और विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे।




