पीएम सूर्य घर योजना में लापरवाही पर समस्तीपुर जिला प्रशासन की सख्ती, बैंक व अभियंताओं पर कार्रवाई की रिपोर्ट

समस्तीपुर : पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लक्ष्य को समय पर पूरा करने में लापरवाही बरतने वाले बैंक और विद्युत विभाग के पदाधिकारियों पर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। योजना की धीमी प्रगति को लेकर संबंधित बैंक शाखाओं और खराब प्रदर्शन करने वाले अभियंताओं के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों व मुख्यालय को भेजी गई है। 18 सितंबर को बैंक व विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें कई बैंक शाखाओं में लाभुकों के आवेदन लंबित या अस्वीकृत पाए गए।
एसबीआई ताजपुर शाखा में 22 आवेदन सिबिल स्कोर के आधार पर अस्वीकृत किए जाने की जानकारी मिली। वहीं केनरा बैंक कस्बे आहार में 22 आवेदन लंबित पाए गए। एसबीआई की विभूतिपुर, पटोरी व काशीपुर शाखाओं में भी आवेदन लंबित या अस्वीकृत होने के मामले सामने आए। सेंट्रल बैंक सरायरंजन में लाभुकों से जमीन स्वामित्व प्रमाण-पत्र मांगने, ग्रामीण बैंक खजुरी में सब्सिडी राशि को ऋण की पूर्ण अदायगी तक रोकने और पीएनबी नारघोगी में आवेदन लंबे समय तक लंबित रखने की शिकायत भी मिली। इन मामलों में संबंधित बैंक के उच्चाधिकारियों को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।


अभियंताओं की भी तय हुई जवाबदेही :
योजना के क्रियान्वयन में विद्युत विभाग के स्तर पर भी लापरवाही पाए जाने पर कुछ कनीय व सहायक अभियंताओं के खराब प्रदर्शन की रिपोर्ट उनके उच्चाधिकारियों व पटना मुख्यालय को भेजी गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लक्ष्य पूरा करने में किसी भी स्तर की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में योजना के तहत 21 हजार लाभुकों को जोड़ने का लक्ष्य है। इसमें समस्तीपुर विद्युत प्रमंडल को 9460, दलसिंहसराय को 6765 और रोसड़ा को 4775 लाभुकों को योजना से जोड़ना है। जिला प्रशासन ने बैंक व विद्युत विभाग के अधिकारियों-कर्मियों को आवेदनों के त्वरित निष्पादन और लक्ष्य की समयबद्ध पूर्ति का निर्देश दिया है।




