परीक्षा के बीच विद्यालय में घुसे दर्जनों बाहरी युवक, छात्रों से किया मारपीट, एक छात्र का सिर फटा; बचाव को पहुंचे शिक्षकों से उपद्रवियों ने किया दुर्व्यवहार, पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़ा

समस्तीपुर/विद्यापतिनगर : प्रखंड मुख्यालय स्थित मऊ बाजिदपुर दक्षिण के सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल (विद्यापति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय) में शनिवार को अर्ध वार्षिक परीक्षा के दौरान कतिपय एक दर्जन से अधिक बाहरी उपद्रवियों के द्वारा विद्यालय में प्रवेश कर छात्रों से मारपीट का मामला सामने आया हैं। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अमित भूषण के अनुसार शनिवार को जारी परीक्षा के दौरान 12 से 15 की संख्या में बाहरी लोग विद्यालय परिसर में अचानक घुस आए।
आरोप है कि उपद्रवियों ने कक्षा में पहुंचकर छात्रों से मारपीट और दुर्व्यवहार किया। छात्रों को बचाने पहुंचे शिक्षकों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। घटना की सूचना पर पुलिस विद्यालय पहुंची। प्रभारी प्राचार्य के अनुसार थानाध्यक्ष सूरज कुमार के निर्देश पर पुलिस ने परिसर से तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। जिसे थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से थाने में शिकायत भी दी गई है।


टिफिन में छात्र पर फिर हमला, सिर फटा :
प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि पहली घटना के बाद भोजनावकाश के दौरान एक छात्र पर फिर हमला किया गया। भोजन के बाद छात्र परिसर में था। तभी उसके साथ मारपीट की गई। इसमें उसके सिर में गंभीर चोट लगी और सिर फट गया। छात्र को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। विद्यालय प्रबंधन का आरोप है कि दूसरी घटना में भी बाहरी लोग ही शामिल थे।

सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी पुलिस :
विद्यालय परिसर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। प्रभारी प्राचार्य अमित भूषण के अनुसार घटनाक्रम और परिसर में प्रवेश करने वाले लोगों की गतिविधियां कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस इन वीडियो फुटेज के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच कर रही है। उधर परीक्षा के बीच विद्यालय में बाहरी लोगों के प्रवेश और मारपीट से छात्रों की सुरक्षा पर सवाल उठे हैं। अभिभावकों ने भी घटना को लेकर चिंता जताई है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि मारपीट करने वाले बाहरी लोग थे। जबकि पुलिस यह भी जांच रही है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और इसमें विद्यालय के किसी छात्र की भूमिका थी या नहीं।



