शिवाजीनगर में अज्ञात वाहन की ठोकर से महिला की मौ’त, तीन छोटे-छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया

समस्तीपुर/शिवाजीनगर : शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत परसा पंचायत के सरहिला गांव के राजारामपुर टोला के वार्ड-4 में मंगलवार की सुबह अज्ञात वाहन की ठोकर से एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान अमरजीत मुखिया की 32 वर्षीय पत्नी दौलत देवी के रूप में की गई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मृतका के मायके एवं ससुराल पक्ष के लोगों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए।
बताया गया कि दौलत देवी सुबह करीब 6 बजे शौच के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे ठोकर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। रास्ते से गुजर रहे एक व्यक्ति की नजर खून से लथपथ महिला पर पड़ी, जिसके बाद उसने घटना की जानकारी आसपास के लोगों और परिजनों को दी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।


मृतका अपने पीछे दो बेटियां अमृता कुमारी और अंकित कुमारी तथा एक पुत्र अमित कुमार को छोड़ गई है। मां की मौत के बाद तीनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। कभी बच्चे घटनास्थल की ओर जाते तो कभी परिजनों के पास पहुंचते रहे। बच्चों को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। मृतका के पति अमरजीत मुखिया कर्नाटक के रायचूर में रहकर बोड़ा फैक्ट्री में काम करते थे। करीब एक माह पूर्व वह गांव आए थे। बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत भी खराब चल रही थी, जिसके कारण वह गांव में ही रह रहे थे।

पत्नी की अचानक मौत की खबर से पति का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं मृतका की दादी भी दौलत देवी को याद कर बार-बार कह रही थीं कि अब कौन उनसे बात करेगा और तीन छोटे-छोटे बच्चों की देखभाल कौन करेगा। परिजनों के विलाप से माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। घटना की सूचना शिवाजीनगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, शैलेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।

शव को घटनास्थल से उठाने को लेकर परिजनों का आक्रोश और गहरा दुख देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक शव घटनास्थल पर पड़ा रहा। इसके बाद स्थानीय मुखिया पति सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष राम पुकार मंडल, सरपंच अरुण कुमार मंडल, पंचायत समिति सदस्य सरोज कुमार, नीतीश कुमार सहित अन्य लोगों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। काफी समझाने के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमत हुए।
जिला से एंबुलेंस मंगाई गई, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया गया।इस संबंध में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।


