समस्तीपुर : अपराध की साजिश रच रहे चार गिरफ्तार, 2 पिस्टल व 8 कारतूस बरामद; जेल में बंद भाई ने भेजे थे हथियार और गोलियां

समस्तीपुर/ताजपुर : ताजपुर थाना क्षेत्र के चक पहाड़ गांव में अपराध की योजना बनाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर चार युवकों को गिरफ्तार किया। इनके पास से दो 7.65 एमएम पिस्टल, एक खाली मैगजीन, आठ जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवकों की योजना उजियारपुर थाना क्षेत्र में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की थी।
गिरफ्तार आरोपितों में चक पहाड़ निवासी हरेराम गिरी और शशांक शेखर उर्फ निशांत के अलावा उजियारपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर कमला निवासी राजन कुमार कापर और शिवनाथ मिश्रा उर्फ चिंटू झा शामिल हैं। प्रभारी सदर एसडीपीओ-1 सह साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक के अनुसार शनिवार को सूचना मिली थी कि चकपहाड़ गांव में कुछ युवक एकत्र होकर किसी अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम दयानंद गिरी के घर के पास पहुंची। पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगा, जिसे पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया।


पूछताछ में उसकी पहचान हरेराम गिरी के रूप में हुई। पूछताछ में हरेराम ने बताया कि दलसिंहसराय के कोनैला जेल में बंद उसके भाई सन्नी गिरी ने शशांक शेखर उर्फ निशांत के माध्यम से हथियार और गोलियां छिपाकर रखने के लिए दी थीं। उसकी निशानदेही पर बथान में जमीन खोदकर प्लास्टिक के डब्बे से दो पिस्टल, एक खाली मैगजीन और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में हरेराम ने शशांक के माध्यम से हथियार मिलने तथा राजन कुमार कापर और शिवनाथ मिश्रा उर्फ चिंटू झा से परिचय होने की बात पुलिस को बताई।

इसके बाद पुलिस ने ताजपुर और उजियारपुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 6 सितंबर को तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी टीम में ताजपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक आयशा कुमारी, सचिन कुमार, अमित कुमार, सलेन्द्र कुमार, सिपाही राजेश कुमार, सिपाही स्वीटी कुमारी, बीएचजी सतीष कुमार तथा एसटीएफ पटना की टीम शामिल थी।



