समस्तीपुर : मैट्रिक-इंटर परीक्षा 2027 के लिए 16 सितंबर तक सुधार व परीक्षा फॉर्म भरने का मौका

समस्तीपुर : मैट्रिक और इंटर वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने डमी पंजीकरण या सूचीकरण कार्ड में त्रुटियों को ठीक कराने के साथ परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 सितंबर कर दी है। जिले के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में नामांकित छात्र-छात्राएं निर्धारित समय के भीतर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।विद्यार्थियों को डमी पंजीकरण कार्ड में दर्ज नाम, जन्मतिथि, माता-पिता के नाम, लिंग, फोटो, विषय और अन्य व्यक्तिगत विवरण ध्यान से जांचने होंगे।
किसी जानकारी में गलती मिलने पर संबंधित स्कूल-कॉलेज के माध्यम से समय रहते सुधार कराया जा सकेगा। स्कूल स्तर पर सत्यापन के बाद आवश्यक संशोधन बोर्ड के पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे।बोर्ड ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि डमी कार्ड में सुधार कराने से पहले अपने प्रमाणपत्र और स्कूल के रिकॉर्ड से सभी जानकारियों का मिलान कर लें। खासकर नाम और जन्मतिथि में किसी तरह की त्रुटि होने पर तत्काल सुधार कराना जरूरी है। बाद में परीक्षा परिणाम या प्रमाणपत्र जारी होने के समय परेशानी से बचने के लिए अभी सावधानी बरतना बेहतर होगा।


परीक्षा फॉर्म भरते समय दोबारा जांच जरूरी :
पंजीकरण के बाद वार्षिक परीक्षा में शामिल होने के लिए परीक्षा फॉर्म भरना अनिवार्य है। फॉर्म भरते समय विद्यार्थी नाम, जन्मतिथि, विषय समेत सभी विवरणों को अच्छी तरह जांच लें। निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद स्कूल-कॉलेज की ओर से प्रक्रिया पूरी की जाएगी।किसी छात्र के रिकॉर्ड में गलती मिलने पर स्कूल या कॉलेज के प्रधानाध्यापक से संपर्क कर सुधार कराया जा सकता है। संशोधन के बाद संबंधित शिक्षण संस्थान को जरूरी प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने होंगे।

बोर्ड पोर्टल पर आवश्यक सुधार दर्ज करने के बाद विद्यार्थियों को संशोधित विवरण की पुष्टि भी करनी होगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे डमी पंजीकरण पर्ची में दर्ज सभी विवरणों को ध्यान से जांचें। किसी गलती को नजरअंदाज न करें और 16 सितंबर की समय-सीमा के अंदर स्कूल-कॉलेज के माध्यम से सुधार व परीक्षा फॉर्म की प्रक्रिया पूरी करें।



