गुरूवार, सितम्बर 3, 2026
Latest:

समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

समस्तीपुर : पांच दिनों तक चले मनरेगा योजनाओं की जांच पूरी, केंद्रीय टीम की रिपोर्ट का इंतजार; DDC ने कहा- रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

IMG 20260212 WA0118

समस्तीपुर/बिथान : बिथान प्रखंड की सोहमा पंचायत में मनरेगा योजनाओं में कथित अनियमितता की शिकायत को लेकर चल रही केंद्रीय जांच बुधवार को पांचवें दिन पूरी हो गयी। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की राष्ट्रीय स्तर की निगरानी टीम ने पंचायत में रहकर विभिन्न मनरेगा योजनाओं की जांच की। टीम ने योजनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की। जांच के दौरान टीम ने अभिलेखों में दर्ज कार्यों और स्थल पर मौजूद वास्तविक स्थिति का मिलान किया।

मस्टर रोल, जॉब कार्ड, मजदूरी भुगतान समेत योजनाओं से जुड़े अन्य कागजातों की जांच की गयी। शिकायत में जिन योजनाओं का उल्लेख किया गया था, उनके अलावा अन्य संबंधित योजनाओं का भी स्थल निरीक्षण किया गया। केंद्रीय टीम सोहमा उच्च विद्यालय परिसर समेत पंचायत के विभिन्न योजना स्थलों पर पहुंची। मिट्टी भराई, रास्ता निर्माण, पोखर निर्माण सहित अन्य कार्यों की स्थिति देखी गयी। मौके पर मौजूद कार्यों का दस्तावेजों में दर्ज विवरण से मिलान किया गया।

IMG 20260827 WA0031

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

पहले भी हुई थी जांच :

मनरेगा योजनाओं को लेकर इससे पहले विभागीय और जिला स्तर पर भी जांच हो चुकी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 34 योजनाओं की जांच में 20 योजनाओं में विभिन्न प्रकार की त्रुटियां मिलने की बात सामने आयी थी। वहीं करीब 18.16 लाख रुपये की वसूली के आदेश दिये जाने का भी दावा किया गया है। हालांकि, इन मामलों में जिम्मेदार लोगों पर की गयी कार्रवाई को लेकर सवाल उठते रहे हैं। अब केंद्रीय टीम की जांच पूरी होने के बाद उसकी अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की दिशा तय होने की संभावना है।

IMG 20240904 WA0139

अधिकारियों ने किया सहयोग :

जांच के दौरान सहायक अभियंता मनरेगा समस्तीपुर सुधांशु कुमार, पीओ बिथान संजय कुमार निराला, पीटीए बिथान विनय कुमार और पीआरएस राम कुमार सहनी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मियों ने केंद्रीय टीम को जांच में आवश्यक सहयोग किया। पांच दिनों तक चली जांच के बाद अब ग्रामीणों और शिकायतकर्ताओं की नजर टीम की रिपोर्ट पर टिकी है। रिपोर्ट में यदि अभिलेख और स्थल की स्थिति में अंतर, भुगतान से संबंधित गड़बड़ी या अन्य अनियमितताएं सामने आती हैं तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल अंतिम रिपोर्ट आने से पहले किसी व्यक्ति या योजना को दोषी ठहराना उचित नहीं होगा।

FB ADD scaled

बयान :

सोहमा पंचायत में मनरेगा योजनाओं की केंद्रीय टीम द्वारा जांच पूरी कर ली गयी है। टीम ने योजनाओं के अभिलेखों और स्थल की स्थिति का निरीक्षण किया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सूर्य प्रताप सिंह, डीडीसी, समस्तीपुर

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150