छठ महापर्व से पहले समस्तीपुर जिले की जर्जर सड़कों की होगी मरम्मत, 20 सूत्री की बैठक में MLC डॉ. तरुण कुमार ने उठाया मुद्दा

समस्तीपुर : जिला स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम समिति की बैठक में जिले से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे स्थानीय विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार ने प्रमुखता से उठाए। बिहार सरकार के परिवहन मंत्री सह समस्तीपुर जिले के प्रभारी मंत्री दामोदर राउत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, समस्याओं और उनके निराकरण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में डॉ. तरुण कुमार के आग्रह पर प्रभारी मंत्री ने छठ महापर्व से पहले जिले की सभी जर्जर सड़कों की आवश्यक मरम्मत पूरी कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। इससे त्योहार के दौरान आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, समस्तीपुर शहर में गंडक नदी के दोनों तरफ बांधों के बीच स्थित सरकारी जमीन को चिन्हित करने का मुद्दा भी डॉ. तरुण कुमार ने उठाया। उन्होंने संबंधित जमीन की पहचान कर उसका समुचित उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई की मांग की। इस पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े अन्य जनहित के मुद्दों पर भी डॉ. तरुण कुमार ने समिति का ध्यान आकृष्ट कराया।


उन्होंने प्रयोजन कार्यक्रम में आवेदन एवं भुगतान में हो रहे विलंब को दूर करने, केवाईसी के कारण लंबित पेंशन भुगतान के लिए विशेष कैंप लगाने तथा राशन कार्ड के लिए आवेदन की प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने की मांग की। डॉ. तरुण कुमार ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंचना जरूरी है। आवेदन और भुगतान की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने की आवश्यकता बताई। प्रभारी मंत्री ने बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।





