समस्तीपुर DRM कार्यालय से जनरेटर का कॉपर केबल चोरी, दो गिरफ्तार, चोरी का सामान खरीदने वाले बर्तन दुकानदार को भी RPF ने पकड़ा

समस्तीपुर : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने रेल संपत्ति चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले घोष लेन स्थित एक बर्तन दुकानदार को भी पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान RPF ने रेलवे के कॉपर वायर, केबल, एसी में इस्तेमाल होने वाले कॉपर पाइप समेत कई सामान बरामद किए हैं। मामला मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय स्थित डीजी सेट रूम का है। यहां लगे जनरेटर का कॉपर केबल और अन्य केबल अज्ञात व्यक्ति द्वारा काटकर चोरी कर लिया गया था।
इस संबंध में वरीय अनुभाग अभियंता, विद्युत, वाह्य समस्तीपुर की ओर से RPF को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही RPF पोस्ट समस्तीपुर के सउनि शशिकांत तिवारी मौके पर पहुंचे। निरीक्षक प्रभारी अविनाश क्रोशिया के साथ CCTV फुटेज की जांच की गई। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति जनरेटर के पास लगे केबल को काटकर ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद अपराध आसूचना शाखा की टीम को भी जांच में लगाया गया।


मालगोदाम चौक के पास दो युवक गिरफ्तार
RPF के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने मालगोदाम चौक स्थित रेलवे उपरगामी पुल के नीचे झाड़ियों में छापेमारी कर दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में एक ने अपना नाम हिमांशु कुमार उर्फ कुकु, निवासी बारह पत्थर, वार्ड संख्या-35, नगर थाना क्षेत्र, समस्तीपुर बताया।
उसके पास से प्लास्टिक के बोरे में करीब सात मीटर 1.5 एमएम पीले रंग का कॉपर वायर, छह मीटर 1.5 एमएम लाल रंग का कॉपर वायर, रेलवे में इस्तेमाल होने वाला एल ब्रेकेट, दो फिस बोल्ट, एक रेल क्लोजर, दो पेंड्रोल क्लिप और रेलवे कोच में उपयोग होने वाला एक ईएफटी चार्जिंग प्लेट बरामद किया गया।

वहीं दूसरे युवक की पहचान सुनील कुमार उर्फ शूटर, उम्र करीब 23 वर्ष, निवासी बारह पत्थर, वार्ड संख्या-35 के रूप में हुई। उसके बोरे से करीब 20 मीटर 6 एमएम कॉपर वायर, 18 मीटर 10 एमएम कॉपर वायर, दो पेंड्रोल क्लिप, स्प्लिट एसी में इस्तेमाल होने वाला कॉपर पाइप, दो मोटे कॉपर पाइप और करीब चार मीटर कॉपर वायर बरामद किया गया।
पूछताछ में कई चोरी का खुलासा
RPF के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने DRM कार्यालय से जनरेटर का केबल काटकर चोरी करने की बात बताई। दोनों ने इससे पहले एसी के पाइप और तार चोरी करने की बात भी स्वीकार की। युवकों ने बताया कि चोरी का सामान वे घोष लेन स्थित गोलू कुमार की बर्तन दुकान में बेचते थे। इसके बाद RPF टीम ने स्थानीय नगर थाना पुलिस के सहयोग से घोष लेन स्थित गोलू कुमार की दुकान पर छापेमारी की।

पूछताछ के दौरान सुनील कुमार ने दुकान के पीछे सीढ़ी के नीचे रखे सामान की पहचान चोरी के सामान के रूप में की। RPF के मुताबिक, वहां से करीब तीन किलो मोटा और पतला कॉपर पाइप, करीब चार मीटर 8 एमएम कॉपर वायर और करीब आधा मीटर 10 एमएम कॉपर वायर बरामद किया गया। पूछताछ में दुकानदार गोलू कुमार ने उक्त सामान सुनील कुमार से खरीदने की बात स्वीकार की।
दुकान का सामान भाई को जिम्मेनामा पर सौंपा
RPF ने गोलू कुमार को दोपहर करीब 2:40 बजे अपने कब्जे में लिया। छापेमारी और तलाशी की कार्रवाई पूरी करने के बाद दुकान में मौजूद सामान और नकदी आदि को दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गोलू कुमार के भाई विक्की कुमार को जिम्मेनामा तैयार कर सुपुर्द कर दिया गया। मामले में RPF आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
समस्तीपुर DRM ऑफिस में रेलवे संपत्ति की चोरी का खुलासा, दो चोर गिरफ्तार
दोनों चोर की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले घोष लेन स्थित एक बर्तन दुकानदार को भी RPF ने पकड़ा
कार्रवाई के दौरान रेलवे के कॉपर वायर, केबल, AC के कॉपर पाइप समेत कई सामान बरामद किये गये; चोरों ने DRM… pic.twitter.com/hZGjMpCDBo
— Samastipur Town (@samastipurtown) August 31, 2026



