समस्तीपुर : बूढ़ी गंडक नदी में छलांग लगाने वाले सहायक प्रोफेसर का शव 24 घंटे बाद बरामद; मार्च में शादी, अप्रैल में लगी थी जॉब, पत्नी बोली- पता नहीं ऐसा क्यों किया

समस्तीपुर : बूढ़ी गंडक नदी में पुल से छलांग लगाने वाले सहायक प्रोफेसर नवीन कुमार का शव करीब 24 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ की टीम ने लगातार खोजबीन के बाद बहादुरपुर से नदी से शव को बाहर निकाला। घटना के बाद से ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नदी में उनकी तलाश कर रही थी। मृतक की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के केलुहारा वार्ड संख्या-8 निवासी 29 वर्षीय नवीन कुमार के रूप में हुई है। नवीन कुमार की नियुक्ति इसी वर्ष अप्रैल में सीतामढ़ी के राजकीय प्लस टू डिग्री कॉलेज, परसौनी में सहायक प्रोफेसर के पद पर हुई थी। नौकरी मिलने के बाद वह अपनी पत्नी के साथ सीतामढ़ी में रह रहे थे।
मार्च में शादी, अप्रैल में नौकरी… अगस्त में थम गई जिंदगी; सहायक प्रोफेसर नवीन कुमार की समस्तीपुर बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से मौ'त
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के केलवाड़ा वार्ड-8 निवासी नवीन कुमार की मौ'त से इलाके में मातम पसरा है, नवीन कुमार सीतामढ़ी जिले के परसौनी डिग्री कॉलेज में… pic.twitter.com/6QKGZRdCub
— Samastipur Town (@samastipurtown) August 29, 2026
परिजनों के अनुसार, रक्षाबंधन के अवसर पर गुरुवार को नवीन कुमार अपनी पत्नी के साथ कामाख्या एक्सप्रेस से सीतामढ़ी से समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। ट्रेन से उतरने के बाद दोनों पति-पत्नी घर जाने के लिए गंडक नदी पुल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुल पर पहुंचते ही नवीन कुमार ने अचानक गंडक नदी में छलांग लगा दी। नवीन को नदी में छलांग लगाते देख उनकी पत्नी ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद मथुरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी नवीन के परिजनों को दी गई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर नदी में खोज अभियान शुरू कराया गया।


तेज बहाव के कारण खोज अभियान में आई परेशानी
गंडक नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण एसडीआरएफ की टीम को शव की तलाश में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। करीब 24 घंटे तक लगातार खोजबीन के बाद शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे बहादुरपुर इलाके के पास नदी से नवीन कुमार का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पत्नी ने कहा- झगड़े जैसी कोई बात नहीं थी
पुलिस की पूछताछ में नवीन की पत्नी ने बताया कि उन्हें इस घटना के कारण की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह के झगड़े जैसी कोई बात नहीं थी। अचानक नवीन ने नदी में छलांग लगा दी। नवीन के पिता उमेश महतो ने बताया कि उनका बेटा इकलौता था। इसी वर्ष मार्च में उसकी शादी हुई थी और शादी के करीब एक महीने बाद ही उसे सहायक प्रोफेसर की नौकरी मिली थी। नौकरी और शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मथुरापुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि गंडक नदी से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नवीन कुमार की मौत के बाद उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुछ ही महीने पहले शादी और नौकरी के बाद परिवार में खुशियां आई थीं, लेकिन अचानक हुई इस घटना से खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस फिलहाल घटना के कारणों की जांच कर रही है।



