समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

विद्यापतिधाम में रेलवे की भूमि के सैकड़ों अतिक्रमणकारियों को पांच दिनों में अतिक्रमण खाली करने का अल्टीमेटम

IMG 20260212 WA0118

समस्तीपुर/विद्यापतिनगर [पद्माकर सिंह लाला] : पूर्व मध्य रेलवे के हाजीपुर – बछवाड़ा रेलखंड पर अवस्थित विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन परिसर व आसपास रेलवे की स्मारक चौक तक भूमि पर अतिक्रमण को लेकर रेलवे ने फिर से सैकड़ों अतिक्रमणकारियों को नोटिस भेज कर पांच दिनों में अतिक्रमित भूमि को खाली करने का अल्टीमेटम दिया है। पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल के वरिष्ठ खंड अभियंता/कार्य, शाहपुर पटोरी कार्यालय की ओर से रेलवे भूमि पर अतिक्रमण को लेकर गुरुवार को नया नोटिस जारी किया गया है।

जारी नोटिस में संबंधित अतिक्रमणकारियों को रेलवे की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को पांच दिनों के भीतर खाली करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाने पर उसके विरुद्ध उचित प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है। उधर नोटिस जारी होने के बाद स्टेशन और आसपास रेलवे की जमीन पर दोबारा अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई की चर्चा तेज हो गई है।

IMG 20260827 WA0031

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

पहले भी हो चुकी हैं बुलडोजर वाली कार्रवाई :

विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन के आसपास रेलवे भूमि से अतिक्रमण हटाने का मामला नया नहीं है। इससे पहले मई 2024 व 2025 में भी रेल प्रशासन ने स्टेशन चौक से विद्यापतिनगर स्मारक चौक तक रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण करने वाले 100 से अधिक लोगों को नोटिस दिया था। नोटिस में अवैध आवास, दुकान और सब्जी मंडी हटाने के लिए समय सीमा तय की गई थी। इससे पहले दिसंबर 2023 में रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर स्टेशन परिसर के आसपास रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। उस दौरान कई स्थायी-अस्थायी घर, दुकान, पशु शेड और वाहन शेड हटाए गए थे। रेलवे की ओर से पहले 67 अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिए जाने की जानकारी सामने आई थी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया था और जमीन के कागजात होने का दावा किया था। प्रशासन ने ऐसे लोगों से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा था।

IMG 20240904 WA0139

कार्रवाई के बाद फिर सज गई थीं दुकानें :

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के अगले ही दिन स्टेशन परिसर और आसपास कई जगह फिर से दुकानें लगने की शिकायत सामने आई थी। इससे यह सवाल भी उठा था कि अभियान के बाद रेलवे की जमीन की नियमित निगरानी कितनी प्रभावी है। स्टेशन से स्मारक चौक और मंदिर की ओर जाने वाली सड़क के किनारे अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित होने की समस्या भी पहले भी सामने आती रही है।

IMG 20240904 WA0139

धार्मिक महत्व के कारण महत्वपूर्ण है विद्यापतिधाम स्टेशन :

विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन केवल स्थानीय यात्रियों के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है। स्टेशन के समीप प्रसिद्ध विद्यापतिधाम स्थित उगना महादेव मंदिर होने के कारण सावन, महाशिवरात्रि और अन्य धार्मिक अवसरों सहित सालों भर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में स्टेशन से मंदिर और स्मारक चौक तक जाने वाले मार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखना आवागमन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। उधर रेलवे की ओर से जारी ताजा नोटिस ने एक बार फिर यह संकेत दिया है कि रेल भूमि पर अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। अब देखना होगा कि पांच दिनों की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद रेलवे प्रशासन संबंधित भूमि को खाली कराने के लिए क्या कदम उठाता है।

FB ADD scaled

IMG 20250821 WA0010

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150