शनिवार, अगस्त 22, 2026

समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

समस्तीपुर में ICAI के वित्तीयज्ञान मेला सप्ताह के तहत सेमिनार आयोजित, साइबर फ्रॉड से बचाव और स्मार्ट निवेश की दी गयी जानकारी

IMG 20260212 WA0118

समस्तीपुर : द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की वित्तीय बाजार एवं निवेशक जागरूकता समिति के तत्वावधान में तथा सीआईआरसी की दरभंगा शाखा के सहयोग से शनिवार को शहर के एक निजी होटल के सभागार में वित्तीयज्ञान मेला सप्ताह-2026 के तहत वित्तीय साक्षरता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार, डीएम रोशन कुशवाहा, डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा, एसपी अरविंद प्रताप सिंह, साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक समेत कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि देश के हर वर्ग का वित्तीय रूप से जागरूक और सुरक्षित होना जरूरी है। गृहिणी, किसान, व्यापारी से लेकर विद्यार्थी तक यदि वित्तीय मामलों की सही जानकारी रखेंगे, तभी विकसित भारत @2047 का लक्ष्य पूरा किया जा सकेगा। विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार ने कहा कि वित्तीय ज्ञान अब केवल व्यापारियों और विशेषज्ञों तक सीमित नहीं है। प्रत्येक परिवार और नागरिक को वित्तीय मामलों की जानकारी होना जरूरी है। सही वित्तीय निर्णय परिवार की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करते हैं और जागरूक नागरिक सुरक्षित एवं समृद्ध समाज की नींव रखते हैं। जिला प्रशासन एवं रेल प्रशासन के अधिकारियों ने भी वित्तीय जागरूकता और साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।

साइबर फ्रॉड से बचाव के बताए तरीके

कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों और चार्टर्ड अकाउंटेंटों ने वित्तीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। ऑनलाइन यूपीआई फ्रॉड, बैंकिंग स्कैम, ओटीपी की सुरक्षा और डिजिटल लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया गया। इसके अलावा स्मार्ट बचत, व्यक्तिगत बजट, बीमा, म्यूचुअल फंड में निवेश के दौरान सावधानी, आयकर, जीएसटी और वित्तीय विवरणी से जुड़ी जानकारी दी गई।

Holy Mission 15 August page 0001 scaled

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

व्यवसायियों को एमएसएमई योजनाओं, कराधान, नकदी प्रवाह प्रबंधन और बेहतर वित्तीय योजना की जानकारी दी गई। वहीं, सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक स्वतंत्रता बनाए रखने और संपत्ति को अगली पीढ़ी तक सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से पहुंचाने के उपाय भी बताए गए। इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तरी सत्र में प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से सीधे सवाल पूछे।

‘हर जन, हर मन, वित्तीय ज्ञान से सम्पन्न’

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई। दरभंगा शाखा के अध्यक्ष सीए गिरधारी लाल अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए वित्तीय साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वित्तीय साक्षरता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना केवल आर्थिक विकास का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा और सशक्तीकरण का भी माध्यम है। उन्होंने ‘हर जन, हर मन, वित्तीय ज्ञान से सम्पन्न’ का नारा दिया।

FB ADD scaled

समापन सत्र में शाखा के सचिव सीए श्याम कुमार एवं प्रबंध समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम की गतिविधियों का सारांश प्रस्तुत किया। स्कूली छात्रों की प्रस्तुतियों एवं अन्य प्रतिभागियों को मेडल तथा प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। प्रायोजकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

मौके पर सीए प्रवीण भूषण, आरके साह, यशवंत कुमार, संजय कुमार, कुंदन कुमार, रौनक, आशुतोष आशीष, संतोष शांडिल्य, जहांगीर आलम अंसारी, पीयूष अग्रवाल, सुजीत कुमार मिश्रा, पंकज कुमार मिश्रा, ट्विंकल अग्रवाल, नवल कुमार मिश्रा, अजित कुमार मिश्रा, पंकज तनेजा, निशांक बंका, मिथिलेश भारती समेत कई चार्टर्ड अकाउंटेंट मौजूद थे। मुजफ्फरपुर से आए सीए गोपाल प्रसाद तुलस्यान ने भी अपने विचार रखे।

IMG 20240904 WA0139

IMG 20260516 WA0116

IMG 20250821 WA0010

20201015 075150