बकाया रुपये के विवाद में चली गोली, मुफस्सिल थाने की पुलिस ने दो खोखा किया बरामद

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर टारा गांव में सोमवार की दोपहर बकाया रुपये के विवाद में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। फायरिंग के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी। पीड़ित के द्वारा मुफस्सिल थाना व डायल-112 को सूचना दी गयी। पीड़ित ने बताया कि दो युवकों द्वारा उसका घोड़ा ले जाने के प्रयास का विरोध करने पर उक्त बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित घोड़ा कारोबारी अमरनाथ राय ने बताया कि सोमवार की दोपहर जितवारपुर फरपुरा निवासी राजीव कुमार और रंजन कुमार उसके दरवाजे पर पहुंचे। दोनों बिना कुछ कहे घोड़ा खोलकर ले जाने लगे। विरोध करने पर उन्होंने 50 हजार रुपये की मांग की और अचानक तीन-चार राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह सदल-बल घटनास्थल पर पहुंचे।


पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा घटनास्थल से दो खोखा बरामद कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ित के बेटे पर आरोपितों का कुछ रुपये बकाया था। हालांकि, पीड़ित ने इस बात की जानकारी होने से इनकार किया है। दोनों आरोपितों की पहचान कर ली गई है। आवेदन प्राप्त हुआ है, प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।





