रहटौली काली मंदिर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, चांदी का मुकुट समेत नकदी व अन्य सामान ले उड़े चोर

समस्तीपुर/शिवाजीनगर : समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर प्रखंड क्षेत्र के हथौड़ी थाना अंतर्गत रहटौली पंचायत के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय रहटौली के समीप काली मंदिर में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। चोर मंदिर का मुख्य ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए और माता काली के श्रृंगार व पूजा-अर्चना में प्रयुक्त कीमती सामान सहित इनवर्टर, बैटरी और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह मंदिर के पुजारी के पूजा करने पहुंचने पर हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई और हथौड़ी पुलिस को सूचना दी गई। मंदिर के अध्यक्ष रहटौली गांव निवासी स्व. लाल बहादुर सिंह के पुत्र बी.एन. सिंह ने हथौड़ी थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन पर रहटौली पंचायत के मुखिया प्रेम कुमार सहनी, सरपंच रविंद्र चौधरी, रामनारायण दास, अरविंद सिंह, अवधेश कुमार एवं नितेश कुमार सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर घटना की पुष्टि की है।
दिए गए आवेदन में बताया गया है कि गुरुवार की रात चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां रखे लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य का चांदी का मुकुट, करीब 20 हजार रुपये के पीतल के पूजा बर्तन, लगभग 25 हजार रुपये मूल्य की बैटरी व इनवर्टर, दानपेटी में रखे 700 रुपये नकद, करीब 1500 रुपये मूल्य की नथिया-मांगटीका तथा लगभग दो हजार रुपये मूल्य की पीतल की छोटी घंटी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामानों की कुल अनुमानित कीमत लगभग एक लाख 99 हजार 200 रुपये बताई गई है।

मंदिर अध्यक्ष बी.एन. सिंह ने बताया कि यह काली मंदिर पिछले 15 से 20 वर्षों से स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां प्रतिवर्ष विधि-विधान से काली पूजा का आयोजन होता है। लगभग पांच वर्ष पूर्व मंदिर एवं माता काली की प्रतिमा की स्थायी स्थापना की गई थी। उन्होंने कहा कि सुबह जब पुजारी नियमित पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि मंदिर से सभी कीमती सामान चोरी हो चुके हैं। इसके बाद तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही हथौड़ी थाना अध्यक्ष मौसम, एएसआई नवीन तिवारी एवं अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा चोरी के संबंध में साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी गए सामान की बरामदगी और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश के साथ-साथ धार्मिक स्थल की सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है।

आवेदन में मंदिर समिति की ओर से आग्रह किया गया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अविलंब चोरी गए सभी सामानों की बरामदगी सुनिश्चित की जाए तथा इस घटना में संलिप्त सभी बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। हथौड़ी थाना अध्यक्ष मौसम ने कहा कि काली मंदिर में चोरी की सूचना मिलने के बाद स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की गई है। मंदिर समिति की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है तथा जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।


