समस्तीपुर में नए राजकीय महाविद्यालयों के संचालन की तैयारी तेज, मूलभूत सुविधाओं को लेकर DM ने किया निरीक्षण
समस्तीपुर : बिहार सरकार के ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के तहत जिले के नए राजकीय महाविद्यालयों के संचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में डीएम रोशन कुशवाहा ने बुधवार को खानपुर और कल्याणपुर प्रखंड में प्रस्तावित राजकीय महाविद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने महाविद्यालय भवन, आधारभूत संरचना, फर्नीचर, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, शिक्षकों की पदस्थापना, पेयजल, बिजली, शौचालय तथा पठन-पाठन शुरू करने के लिए जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और प्राचार्यों से कार्यों की प्रगति की बिंदुवार जानकारी ली।
डीएम ने निर्देश दिया कि सरकार की मंशा के अनुरूप सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि महाविद्यालयों का नियमित संचालन जल्द शुरू हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य पूरा करें। बता दें कि जिले में खानपुर, कल्याणपुर, सिंघिया, विभूतिपुर और विद्यापतिनगर प्रखंडों में कुल पांच नए राजकीय महाविद्यालय शुरू किए जाने हैं।
बिहार सरकार के 'सात निश्चय-3' कार्यक्रम के तहत समस्तीपुर जिले के नए राजकीय महाविद्यालयों के संचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में DM रोशन कुशवाहा ने खानपुर और कल्याणपुर प्रखंड में प्रस्तावित राजकीय महाविद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।… pic.twitter.com/KpCDaWGln9
— Samastipur Town (@samastipurtown) July 2, 2026
नए राजकीय महाविद्यालय शुरू होने से इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की सुविधा मिलेगी और उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता, डीपीओ प्रेम शंकर झा, अनुमंडल पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

