RPF की निगरानी व्यवस्था और मजबूत, समस्तीपुर मंडल को मिले 20 नए GPS बॉडी वार्न कैमरे

समस्तीपुर : रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को 20 नए जीपीएस युक्त बॉडी वार्न कैमरे उपलब्ध कराए गए हैं। इन कैमरों के जरिए ड्यूटी के दौरान होने वाली गतिविधियों की रिकॉर्डिंग के साथ-साथ आरपीएफ जवानों की रियल टाइम लोकेशन की भी निगरानी की जा सकेगी।
पहले से उपयोग में हैं 37 कैमरे
रेल मंडल में पहले से 37 बॉडी वार्न कैमरे उपयोग में हैं। अब 20 नए जीपीएस सक्षम कैमरे जुड़ने से निगरानी व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो जाएगी। इनका उपयोग ट्रेनों में गश्त करने वाले आरपीएफ दलों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात जवानों द्वारा किया जाएगा। नए कैमरों में जीपीएस तकनीक के साथ अतिरिक्त मेमोरी कार्ड लगाने की सुविधा भी दी गई है, जिससे रिकॉर्डिंग क्षमता बढ़ाई जा सकती है। नियंत्रण कक्ष इन कैमरों के माध्यम से आरपीएफ कर्मियों की रियल टाइम लोकेशन पर नजर रख सकेगा। इससे किसी भी आपातकालीन या संवेदनशील स्थिति में तुरंत निर्णय लेने और प्रभावी कार्रवाई करने में आसानी होगी।

पारदर्शिता और जवाबदेही होगी मजबूत
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बॉडी वार्न कैमरों से ड्यूटी के दौरान होने वाली गतिविधियों का वास्तविक रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। इससे घटनाओं की निष्पक्ष जांच, यात्रियों और आरपीएफ कर्मियों से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा सुरक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।
अपराध नियंत्रण में भी मदद
आरपीएफ का मानना है कि आधुनिक तकनीक से लैस ये कैमरे असामाजिक तत्वों पर मनोवैज्ञानिक प्रभाव डालने के साथ अपराध नियंत्रण में भी सहायक होंगे। रेलवे सुरक्षा बल ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित और बेहतर रेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक तकनीकों का लगातार विस्तार किया जा रहा है।




