निःशुल्क सात दिवसीय समर आर्ट कैंप का पांचवां दिन विविध कला गतिविधियों एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों के साथ संपन्न

समस्तीपुर/दलसिंहसराय : विजुअल आर्ट फाउंडेशन व कला एवं संस्कृति विभाग, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क सात दिवसीय समर आर्ट कैंप का पांचवां दिन विविध कला गतिविधियों एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ।कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध योगाचार्य शंकर पोद्दार द्वारा योग अभ्यास से हुई। उन्होंने बच्चों एवं उपस्थित लोगों को स्वस्थ, सकारात्मक एवं खुशहाल जीवन जीने के लिए नियमित योग अपनाने की प्रेरणा दी।
गुरुवार को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संत कबीर हॉस्पिटल के निदेशक राज कुमार साह, भाजपा जिलाध्यक्ष दक्षिण शशिधर झा, कार्यकारी अध्यक्ष बिहार राज्य खाद्यान्न व्यवसयी संघ संतोष सुरेखा उपस्थित रहे। संस्था की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मूर्तिकला वर्ग में प्रशिक्षुओं ने टेराकोटा कला के माध्यम से मुखौटा, खिलौना, टेडी बियर एवं घड़ा निर्माण की बारीकियां सीखीं। वहीं चित्रकला के वरिष्ठ वर्ग में प्रख्यात चित्रकार मोहम्मद सुलेमान ने विद्यार्थियों को कलर टोन, कलर मिक्सिंग तथा रंगों के माध्यम से परस्पेक्टिव निर्माण की तकनीकों की जानकारी दी।

जूनियर वर्ग के प्रशिक्षुओं को प्रसिद्ध चित्रकार नेहा प्रियदर्शी एवं सुदर्शन कुमार ने रेखांकन, ड्राइंग एवं पेंटिंग की प्रारंभिक विधियों का प्रशिक्षण दिया। युवा कलाश्रम, समस्तीपुर के कथक कलाकार अर्पण कुमार एवं बैजू कुमार ने प्रशिक्षुओं को कथक नृत्य में गुरु वंदना, तीनताल के टुकड़े तथा मिथिला के प्रसिद्ध लोकनृत्य झिझिया के महत्व एवं उसकी प्रस्तुति शैली से अवगत कराया।

कार्यक्रम में भाजपा नेता शंभू साह, गीता साहू, गौरी शंकर, मनीष वर्णवाल, संस्था के अध्यक्ष उत्सव जायसवाल, कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव प्रकाश, उपाध्यक्ष संतोष कुमार, संरक्षक रत्नेश कुमार, उपकोषाध्यक्ष चंदन जायसवाल, सचिव सज्जन कुमार, व्यवस्थापक जिगर गुप्ता, मीडिया प्रभारी शैलेश कुमार, सदस्य सपन जी, रोहन प्रकाश, जहांगीर सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



