कृषि विज्ञान केंद्र बिरौली में प्राकृतिक खेती कार्यशाला का सफल आयोजन

समस्तीपुर : कृषि विज्ञान केंद्र, बिरौली में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने एवं किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरेन्द्र यादव ने की। कार्यशाला में किसानों को प्राकृतिक खेती की उन्नत तकनीकों, रसायन मुक्त कृषि, कम लागत में बेहतर उत्पादन तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक बीरेंद्र पासवान ने अपने संबोधन में किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यह खेती किसानों की लागत कम करने, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. राजीव कुमार श्रीवास्तव, प्रधान वैज्ञानिक डॉ. केशव कुमार, वरीय कीट वैज्ञानिक डॉ. मोहम्मद अब्बास अहमद तथा अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, समस्तीपुर सदर प्रमोद सहनी ने किसानों को प्राकृतिक खेती की वैज्ञानिक जानकारी दी एवं इसके लाभों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में मधुमाला, पूजा सिंह, प्रशांत कुमार, मनीष कुमार एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला के जिला संयोजक देवानंद प्रसाद यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के जिला संयोजक देवानंद प्रसाद यादव ने कहा कि प्राकृतिक खेती केवल खेती की एक पद्धति नहीं, बल्कि धरती, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा का एक जन आंदोलन है। उन्होंने किसानों से रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित खेती अपनाने का आह्वान किया तथा अधिक से अधिक किसानों तक इस अभियान को पहुँचाने की बात कही। कार्यशाला में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर प्राकृतिक खेती से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारियाँ प्राप्त की।



