समस्तीपुर : शादी के एक महीने बाद ही सड़क हादसे में युवक की मौत, नव-विवाहिता का उजड़ा सुहाग
समस्तीपुर : शादी के महज एक महीने बाद ही एक नवविवाहिता का सुहाग उजड़ गया। समस्तीपुर में अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भट्टी चौक के समीप हुई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और सदर अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक की पहचान अंगारघाट थाना क्षेत्र के दढ़ीया असाधार निवासी कारी शर्मा के पुत्र श्रवण कुमार शर्मा के रूप में हुई है। बताया गया है कि श्रवण पेशे से कारपेंटर था और समस्तीपुर में काम करता था। गुरुवार शाम वह काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान भट्टी चौक के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह एवं डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने बताया कि श्रवण की शादी करीब एक माह पूर्व ही हुई थी। परिवार में अभी शादी की खुशियां पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने सबकुछ बदल दिया। युवक की असामयिक मौत से नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं माता-पिता समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
शादी के एक महीने बाद ही सड़क हादसे में युवक की मौत, नवविवाहिता का उजड़ा सुहाग; मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भट्टी चौक के समीप हुई घटना pic.twitter.com/ZGy6hJIlwe
— Samastipur Town (@samastipurtown) June 6, 2026

