समस्तीपुर में ट्रक की ठोकर से बाइक सवार महिला की मौत, पति और बेटा बाल-बाल बचा; मुंडन में शामिल होने जा रहा था परिवार

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के हलई थाना के पास शनिवार को बाइक और ट्रक के बीच हुई टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। जबकी महिला का पति और बेटा बाल-बाल बच गया। मृतका की पहचान मधुबनी जिले के बेनीपट्टी सदर के श्याम साह की पत्नी चंचल देवी के रूप में की गई है। घटना के बाद परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया व शव को लेकर मधुबनी चले गए। सदर अस्पताल पर मौजूद मृतक महिला की सास मंजू देवी ने बताया कि उनका पोता अजित का मुंडन पटना के गंगा घाट पर होना था। जिस कारण परिवार के दस लोग चार चक्का वाहन से और उनकी बहू चंचल देवी, छोटा बेटा दिनेश व पोता अजित बाइक से जा रहे थे।

इस बीच हलई थाने के पास पटना की ओर से आ रही एक ट्रक ने उनके बेटे की बाइक में जबरदस्त ठोकर मार दी। इन लोगों का चार चक्का वाहन भी पीछे से चल रहा था। यह देख कर सभी लोग वाहन रोक कर नीचे उतरे और सभी घायलों को सड़क से उठाकर सदर अस्पताल लाये। जहां डॉक्टर ने उसकी बहू चंचल देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि बेटा और पोता का उपचार चल रहा है। इस घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। डॉक्टर की ओर से महिला को मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार के लोगों ने शव का समस्तीपुर में पोस्टमार्टम कराने से इंनकार कर दिया और शव लेकर मधुबनी चले गए। लोगों ने मुंडन का कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया। हालांकि सदर अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी नगर पुलिस को दी गई।





