BREAKING : खानपुर में बिजली के तार की चपेट में आने से ट्रैक्टर की ट्रॉली में लगी आग, मकई की फसल जलकर राख
समस्तीपुर/खानपुर : समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत राज पुरुषोत्तमपुर अन्ने के टेढ़ा गांव में शुक्रवार की सुबह करीब 9:10 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मकई की फसल लोड कर ट्रैक्टर से किसान के घर ले जाया जा रहा था, तभी ट्रॉली में लदा सूखा चारा ऊपर से गुजर रहे बिजली तार के संपर्क में आ गया। संपर्क में आते ही ट्रॉली में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रॉली पर लदा मकई का सूखा चारा (ठठेरा) देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गया।
हालांकि ट्रैक्टर चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण ट्रैक्टर को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और बिजली विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना के बाद बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, तब जाकर स्थिति पर काबू पाया जा सका। इस घटना में टेढ़ा गांव निवासी किसान सोनेलाल भगत को भारी नुकसान हुआ है। उनकी ट्रॉली एवं मकई का सूखा चारा पूरी तरह जल गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन एवं बिजली विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है।

