पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, TRE 4 विज्ञापन में देरी से नाराज छात्र सड़क पर उतरे, मचा बवाल

बिहार में BPSC TRE-4 शिक्षक भर्ती के विज्ञापन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के सब्र का बांध शुक्रवार को टूट गया। इसके बाद पटना के जेपी गोलंबर पर पुलिस की लाठी से उनका सामना हुआ। पुलिस ने लाठीचार्ज कर अभ्यर्थियों को खदेड़ दिया। नई कैबिनेट के शपथ लेने के 24 घंटे बाद ही टीआरई-4 के अभ्यर्थी सड़क पर उतर गए। पटना कॉलेज परिसर में हजारों की संख्या में जुटे अभ्यर्थियों ने राज्य सरकार और बीपीएससी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध मार्च निकाला। छात्रों का मुख्य आरोप है कि आयोग ने अप्रैल के मध्य में विज्ञापन जारी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन मई बीतने को है और अब तक कोई आधिकारिक अधिसूचना नहीं आई है। ये प्रदर्शन बाकरगंज और मछुआ टोली होते हुए आगे बढ़ा। स्थिति को देखते हुए पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा खुद मुस्तैद दिखे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का भी इंतजाम दिखा।
टीआरई-4 के विज्ञापन में देरी से छात्र नाराज
अभ्यर्थियों का कहना है कि बीपीएससी परीक्षा नियंत्रक ने 16 अप्रैल को एक पॉडकास्ट के माध्यम से तीन-चार दिनों के भीतर विज्ञापन जारी करने का दावा किया था। आज 8 मई बीत जाने के बाद भी पोर्टल पर कोई अपडेट नहीं है। लगभग 46,595 पदों पर होने वाली इस बहाली को लेकर छात्रों ने सरकार पर ‘धोखेबाजी’ का आरोप लगाया है। हालांकि, बिहार के नव नियुक्त शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि टीआरई-4 की वैकेंसी बिल्कुल नहीं फंसेगी, उसे लेकर बैठक चल रही है। जल्द ही फैसला लिया जाएगा।

नियमावली में बदलाव से छात्र नाराज
छात्र नेताओं का कहना है कि कहा कि केवल विज्ञापन में देरी ही नहीं, बल्कि बीपीएससी नियमावली में किए जा रहे बदलावों से भी अभ्यर्थियों में गहरा रोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि आश्वासन के नाम पर छात्रों को बरगलाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक ठोस निर्णय नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

BPSC TRE-4 भर्ती परीक्षा पहले सिंगल स्टेज यानी एक ही चरण में होनी थी। सिंगल टेस्ट एग्जाम से सीधी नौकरी हो जानी थी। अब बीपीएससी ने परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव कर दिया है। अब ये दो चरणों में आयोजित करने की तैयारी है।

- न्यू एग्जाम पैटर्न में सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा यानी पीटी (Preliminary Test) आयोजित की जाएगी।
- पीटी परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा (Mains Exam) में बैठने का मौका मिलेगा।
- आयोग का उद्देश्य चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और कॉम्पिटिव बनाने का है, जिससे भावी अभ्यर्थी परेशान हैं।
- TRE-4 के मुख्य परीक्षा में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के आधार पर अंतिम मेधा सूची तैयार की जाएगी।
- छात्रों का मानना है कि उन्हें पीटी और मुख्य परीक्षा दोनों के लिए अलग-अलग रणनीति बनानी होगी।
- बीपीएससी की ओर से अभी नई परीक्षा तिथि की घोषणा नहीं की गई, जिससे न्यू पैटर्न से छात्र डरे हुए हैं।


