समस्तीपुर के दादपुर में जन्मदिन पार्टी के दौरान शराब पीकर देर रात बीच सड़क पर DJ की तेज आवाज पर हंगामा कर रहे 9 धराये

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दादपुर गांव में बीती रात एक जन्मदिन पार्टी के दौरान शराब के नशे में डीजे की धून पर बीच सड़क पर हंगामा कर रहे 11 लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। मेडिकल जांच में इनमें से 9 लोगों के शराब पीने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने सभी के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं दो लोगों के शराब नहीं पीने की पुष्टि होने पर उनसे बांड भरवाकर छोड़ दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात दादपुर निवासी गुड्डू कुमार के बेटे का जन्मदिन समारोह आयोजित था। देर रात भोजन के बाद गुड्डू और उसके दोस्तों ने शराब का सेवन कर तेज आवाज में डीजे बजाकर करीब दो बजे रात में डांस और हंगामा करना शुरू कर दिया। इसी दौरान गश्ती पर निकले पुलिस पदाधिकारी राहुल कुमार की नजर इस पर पड़ी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को घेरकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद सभी को जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां 11 में से 9 लोगों के शराब पीने की पुष्टि हुई।


गिरफ्तार लोगों में बैजू कुमार, सिंटू कुमार, नवीन कुमार, गुड्डू कुमार, विशाल कुमार, पंकज कुमार, शंकर कुमार और राजा कुमार समेत अन्य शामिल हैं। सभी दादपुर गांव के ही निवासी बताए जाते हैं। पुलिस के अनुसार राजा कुमार पर पहले से भी शराब से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने के आरोप में सभी आरोपियों के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू किया जा रहा है और इस तरह के मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।






