समस्तीपुर में आयोजित होने वाले AEDO परीक्षा में वीक्षकों के पास नहीं रहेगा मोबाइल, जैमर व CCTV कैमरे से लैश होगा सेंटर

समस्तीपुर : अगले 14, 15, 17, 18, 20 व 21 अप्रैल को आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईडीओ) प्रतियोगिता परीक्षा के संचालन के लिए डीईओ की अध्यक्षता में मंगलवार को 3 बजे वीसी के माध्यम से सभी केन्द्राधीक्षक के साथ बैठक कर विभिन्न बिंदुओं पर निर्देश दिया। वीसी के दौरान सभी केन्द्राधीक्षकों से बेंच-डेस्क की पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी ली गई, जिसमें केन्द्राधीक्षकों ने बेंच – डेस्क पर्याप्त होने की जानकारी दी। सभी केन्द्राधीक्षक को निदेश दिया गया कि परीक्षा केन्द्र पर साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, सभी कमरों में रोशनी की व्यवस्था, चालू अवस्था में घड़ी की व्यवस्था के अलावा पंखे की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
उनसे कहा गया कि केन्द्र में किसी भी वीक्षक या अन्य कर्मी के पास मोबाइल नहीं होना चाहिए। सभी केन्द्राधीक्षकों को अवगत कराया गया कि ग्रुप के माध्यम से मार्गदर्शिका उपलब्ध कराया गया है, उसका अच्छे से अध्ययन करते हुए दिए गए निदेश का अक्षरशः अनुपालन करना सुनिश्चित करेंगे। सीटिंग प्लान के लिए केन्द्राधीक्षकों को मार्गदर्शिका में दिए गए निदेश को फॉलो करने को कहा गया।

जैमर व सीसीटीवी कैमरे लगाने वाले एजेन्सी से ससमय सम्पर्क कर अधिष्ठापित कराने का निर्देश दिया गया। उन्हें यह भी निर्देश दिया गया कि परीक्षा केन्द्र के विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक वीक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त रहेंगे। अतिरिक्त वीक्षक की आवश्यकता पड़ने पर रेन्डोमेजेशन प्रणाली से वीक्षक की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सभी केन्द्राधीक्षकों को कार्यालय सहायक के लिए डीईओ से अनुमोदन करा लेने को कहा गया।





