कर्पूरीग्राम में 882 लीटर विदेशी शराब के साथ 12 चक्का ट्रक जब्त, चालक और खलासी हुआ गिरफ्तार

समस्तीपुर : कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक 12 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई रविवार की देर रात बेला गांव स्थित स्टेट बोरिंग के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक ट्रक से शराब की खेप उतारी जानी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद स्थानीय धंधेबाज अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, लेकिन ट्रक के चालक और खलासी को मौके से पकड़ लिया गया।
जब्त ट्रक की तलाशी लेने पर पुलिस को कुल 882 लीटर विदेशी शराब मिली। बरामद शराब की बोतलों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और पैकिंग तिथि को खुरच दिया गया था। वहीं सभी बोतलों पर फाॅर सेल इन पंजाब अंकित मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि शराब को अवैध तरीके से बिहार में खपाने के लिए लाया गया था।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के धनबाद जिला अंतर्गत भूली थाना क्षेत्र के वासेपुर निवासी निजार खान के पुत्र सरफराज खान तथा न्यू इस्लामपुर के स्व. अब्दुल हक के पुत्र मो. शाहीद के रूप में की गई है। इस संबंध में एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण इकाई से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि इस धंधे में शामिल स्थानीय तस्करों की पहचान कर ली गई है और सभी के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






