समस्तीपुर में 11 मार्च को 13 केंद्रों पर राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा होगी आयोजित, 4 हजार 997 अभ्यर्थी होंगे शामिल

समस्तीपुर : राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति योजना (NMMS) के तहत 11 मार्च को जिले में परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले भर में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4,997 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक चलेगी। दृष्टिबाधित एवं लिखने में असमर्थ दिव्यांग परीक्षार्थियों को निर्धारित समय के अतिरिक्त 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सख्त व्यवस्था की है। सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 163 लागू रहेगी, जिससे केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़-भाड़ पर रोक रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। केंद्राधीक्षकों और स्टैटिक दंडाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात शिक्षक व कर्मचारी केवल परीक्षा से संबंधित आवश्यक दस्तावेज ही अपने साथ रखें।परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, कैलकुलेटर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। यदि किसी परीक्षार्थी या कर्मी के पास ऐसे उपकरण पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


जिले में जिन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, उनमें आरएसबी इंटर विद्यालय, इंटर बालिका उच्च विद्यालय घोषलेन, गोल्फ फील्ड रेलवे कॉलोनी उच्च माध्यमिक विद्यालय, उत्क्रमित उच्च विद्यालय धुरलख, मध्य विद्यालय जितवारपुर, राजकीय मध्य विद्यालय बहादुरपुर, उच्च माध्यमिक विद्यालय सारी, जगदेव उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय आधारपुर, उत्क्रमित उच्च विद्यालय शंभूपट्टी, प्रभावती राम दुलारी इंटर विद्यालय कर्पूरीग्राम, उच्च माध्यमिक विद्यालय ताजपुर, उत्क्रमित उच्च विद्यालय वासुदेवपुर तथा अल्फा मध्य विद्यालय विशम्भरपुर एलौथ शामिल हैं।

बता दें कि राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति योजना केंद्र सरकार की एक प्रमुख योजना है। इसके तहत कक्षा आठ में अध्ययनरत मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों का चयन किया जाता है। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक प्रत्येक वर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस परीक्षा में दो विषयों से 90-90 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक लाना आवश्यक है, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग छात्रों के लिए 32 प्रतिशत अंक निर्धारित किया गया है।






