शव को आदर्शनगर चौक पर रखकर लोगों ने समस्तीपुर-मुसरीघरारी मुख्य पथ को जामकर किया आगजनी, वाहनों की लगी लंबी कतार, पहुंची पुलिस

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आदर्शनगर में बीते 13 फरवरी की शाम सिर पर पत्थर लगने से गंभीर रूप से घायल युवक की पटना में इलाज के दौरान मौत होने के बाद मंगलवार को समस्तीपुर – मुसरीघरारी मुख्य सड़क पर आक्रोश फूट पड़ा।गुस्साए लोगों ने देर शाम आदर्शनगर चौक के समीप सड़क जाम कर शव को बीच सड़क पर रख आगजनी व नारेबाजी की। इस दौरान यातायात पूरी तरह ठप रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मृतक की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के शंभूपट्टी निवासी अजीत कुमार के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार 13 फरवरी को अजीत अपने बड़े भाई के साथ आदर्शनगर स्थित मुन्ना झा के कैंपस पहुंचे थे, जहां एक फाइनेंस कंपनी का कार्यालय संचालित होता है। बड़े भाई कार्यालय में चले गए, जबकि अजीत नीचे परिसर में ही खड़ा था। इसी दौरान वह एक कोने में पेशाब कर रहा था, तभी मकान मालिक ने पेशाब करते युवक को देखकर ऊपर से भारी पत्थर फेंक दिया, जो सीधे अजीत के सिर पर जा लगा। पत्थर लगते ही वह बेहोश होकर गिर पड़ा।

हल्ला सुनकर नीचे पहुंचे भाई ने उसे तत्काल आदर्शनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे पटना ले जाया गया, जहां मंगलवार को इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। पटना से शव लाकर आदर्शनगर चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया गया।प्रदर्शनकारियों ने आगजनी कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग की। इधर सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास करते रहे। खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी।
समस्तीपुर-मुसरीघरारी सड़क जामकर लोग कर रहे आगजनी, पत्थर से सर फोड़ने के बाद इलाज के क्रम में युवक की मौत के बाद हंगामा
13 फरवरी को हुई थी घटना, आज पटना में इलाज के क्रम में हुई मौत
मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने जामकर की आगजनी, मृतक की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के शंभूपट्टी… pic.twitter.com/dig4lc7o8Z
— Samastipur Town (@samastipurtown) February 17, 2026






