समस्तीपुर : व्हाट्सएप पर लिंक भेज बीपीसीएल फ्लीट कार्ड से साइबर ठगों ने दो लाख की अवैध खरीदारी की
समस्तीपुर : साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां बीपीसीएल के फ्लीट कार्ड के जरिए दो लाख रुपये की ठगी की गई है। इस संबंध में भमरूपुर निवासी कुंदन चौधरी ने साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के अनुसार, उन्हें व्हाट्सएप पर परिवहन चालान से जुड़ा एक संदिग्ध लिंक प्राप्त हुआ था। जैसे ही उन्होंने उस लिंक पर क्लिक किया, साइबर अपराधियों ने उनके बीपीसीएल फ्लीट कार्ड की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद फ्लीट कार्ड के माध्यम से 50-50 हजार रुपये की चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन कर कुल दो लाख रुपये की अवैध खरीदारी कर ली गई। जांच में यह बात सामने आई है कि ठगों ने उक्त फ्लीट कार्ड का दुरुपयोग विभिन्न पेट्रोल पंपों पर ईंधन लेने के लिए किया।
खास बात यह है कि यह पूरा लेन-देन पीड़ित की जानकारी और अनुमति के बिना किया गया, जिससे उन्हें बाद में खाते की जांच के दौरान ठगी का पता चला। साइबर थाना पुलिस का कहना है कि फ्लीट कार्ड से जुड़े ट्रांजैक्शन डिटेल्स की बारीकी से जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में डीएसपी सह थानाध्यक्ष दुर्गेश दीपक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल सक्रिय है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

