समस्तीपुर में लैब संचालक की निर्मम ह’त्या से आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम, पास ही बुलेट बाइक भी बरामद

समस्तीपुर/हसनपुर : हसनपुर थाना क्षेत्र के परिदह गांव में बुधवार की अहले सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लरझा घाट थाना क्षेत्र के सखवा ग्राम निवासी भिखो यादव के पुत्र अनिष कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से लैब संचालक बताया जाता है। सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे उसका शव देखा तो घटना की जानकारी आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई।
बताया गया है कि मृतक युवक मंगलवार की रात करीब 11.30 बजे हसनपुर बाजार स्थित अपने ग्लोबल डाइग्नोसिस्ट में जाँच कार्य समाप्त कर घर जा रहा था। इसी बीच परिदह पुल के निकट अज्ञात अपराधियों ने उसके सिर पर धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दिया। घटनास्थल के पास ही हसनपुर थाने की पुलिस ने लैब संचालक अनीश की बुलेट बाइक को भी बरामद किया है।

सड़क के किनारे गढढ़े में खड़ी बुलेट को खरही से ढका रहने और घटना स्थल पर खून का निशान नहीं रहने से प्रतित होता है कि अनिष की हत्या अपराधियों ने किसी दूसरे जगह कर परिदह पुल के निकट फेंक दिया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अनीश की पीट-पीटकर निर्ममता से हत्या की गई है। इधर घटना से आक्रोशित लोगों ने हसनपुर–सखवा पथ को जाम कर दिया। जाम के दौरान लोगों ने वरीय पुलिस पदाधिकारियों एवं फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाने की मांग की।

उनका कहना था कि जब तक उच्च स्तरीय जांच नहीं होती, वे शव नहीं उठाने देंगे। इधर जाम की सूचना पर पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह बाधित है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजने की प्रक्रिया चल रही है।





