समस्तीपुर जंक्शन पर रिजर्वेशन टिकट दिलाने के नाम पर युवक से रूपये और मोबाईल की ठगी

समस्तीपुर : समस्तीपुर जंक्शन पर आरक्षण टिकट दिलाने के बहाने ठगी का एक नया मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की पहचान उजियारपुर प्रखंड के महिसारी निवासी अमन कुमार के रूप में हुई है। अमन ने रेल थाना समस्तीपुर में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
अमन कुमार के अनुसार, वह वैशाली एक्सप्रेस पकड़ने समस्तीपुर जंक्शन पहुँचा था, लेकिन ट्रेन छूट गई। इसके बाद जब वह आरक्षण केंद्र पहुंचा, तभी एक अनजान युवक बातचीत में उलझाते हुए टिकट दिलाने का भरोसा देने लगा। मदद के नाम पर उस युवक ने अमन से 1800 रुपये ले लिए और मोबाइल पर ओटीपी की मांग करते हुए उसका फोन भी अपने पास रख लिया। इसके बाद वह किसी बहाने से वहां से चला गया और फिर वापस नहीं लौटा।

काफी देर इंतजार के बाद जब अमन ने खोजबीन की तो वह युवक गायब मिला। जिसके बाद उसने पूरी घटना की सूचना रेलवे पुलिस को दी। पुलिस ने आवेदन प्राप्त होते ही जांच शुरू कर दी है। जंक्शन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि ठग की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
रेल प्रशासन ने यात्रियों को सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा कर लेन-देन न करें और व्यक्तिगत जानकारी या ओटीपी साझा करने से बचें। शंका होने पर तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दें।







