नीतीश कुमार की सरकार तो बन गई, अब बिहार में लोगों को मिलेगा क्या-क्या

विधानसभा चुनाव के बाद बिहार में एनडीए की प्रचंड बहुमत की सरकार बन चुकी है। मंत्रिमंडल भी आकार ले चुका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ 26 मंत्री शपथ लेकर अपने-अपने विभाग की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब बारी है नए सरकार के कामकाज की और जनता के किए गए वादों को पूरा करने की।
जनता ने नीतीश और मोदी की जोड़ी को 202 सीटें देकर अपनी उम्मीदों और आशाओं को पूरा करने की जिम्मेदारी एनडीए सरकार को दी है। चुनाव के दौरान एनडीए ने अपने साझा घोषणापत्र में कई बड़े वादे किए थे। इनमें रोजगार, कैश, मुफ्त बिजली, मकान जैसे वादे शामिल हैं। आइए हम आपको बताते हैं कि नई सरकार की तरफ से अब जनता को क्या-क्या मिल सकता है, जिसकी घोषणा की जा चुकी है।

1. नौकरी और रोजगार
एनडीए ने वादा किया है कि एक करोड़ से अधिक सरकारी नौकरी और रोजगार के अवसर युवाओं को प्रदान किए जाएंगे। कौश जनगणना कराके कौशल आधारित रोजगार दिए जाएंगे। सरकार हर जिले में मेगा स्किल सेंटर से बिहार को ग्लोबल स्किलिंग सेंटर के रूप में स्थापित करेगी।
2. महिला समृद्धि
एनडीए के घोषणापत्र में कहा गया है कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से महिलाओं को 2 लाख तक की सहायता राशि दी जाएगी। एनडीए की ओर से कहा गया कि एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जाएगा। मिशन करोड़पति के माध्यम से चिह्नित महिला उद्यमियों को करोड़पति बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
3. अति पिछड़ा वर्ग को आर्थिक व सामाजिक बल
घोषणा पत्र में कहा गया है कि अतिपिछड़ा वर्ग के विभिन्न व्यावसायिक समूहों-तांति, ततमा, निषाद, मल्लाह, केवट, गंगोता, बिंद, नोनिया, तेली, तमोली, बढ़ाई, धानुक, लोहार, कुम्हार, नाई, शिल्पकार, ठठेरा, माली, चंद्रवंशी, हलवाई, कानून, दांगी, तुरहा, अमात, केवर्त, राजबंसी, गड़ेरिया, आदि को 10 लाख की सहायता राशि दी जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा जो अति पिछड़ा वर्ग की विभिन्न जातियों के सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन करके इन जातियों के सशक्तिकरण के लिए न्यायोचित कदम उठाने के लिए सरकार को सुझाव देगी।

4. किसान सम्मान और एमएसएपी गारंटी
एनडीए के घोषणापत्र में वादा किया गया है कि कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत किसानों को प्रति वर्ष 3000 रुपये दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 6000 रुपये वार्षिक पहले से मिल रहे हैं। इस हिसाब से अब बिहार में किसानों को सालाना 9 हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा एग्री इंफ्रास्ट्रक्टर में एक लाख करोड़ का निवेश व पंचायत स्तर पर प्रमुख फसलों (धान, गेहूं, दलहन, मक्का) की एमएसएपी पर खरीद की जाएगी।
5. मत्स्य-दुग्ध मिशन से समृद्धि किसान
जुब्बा सहनी मत्स्य पालक सहायता योजना की शुरुआत करके प्रत्येक मत्स्य पालक को 4500 कुल 9000 रुपये दिए जाएंगे। मत्स्य मिशन से उत्पादन एवं निर्यात दोगुना, बिहार दुग्ध मिशन की शुरुआत करके प्रखंड स्तर पर चिलिंग व प्रोसेसिंग सेंटर्स स्थापित किए जाएंगे, जिससे हर गांव में यह सुविधा उपलब्ध होगी।

6. एक्सप्रेसवे और रेल
घोषणापत्र में वादा किया गया है कि बिहार गति शक्ति मास्टर प्लान लाया जाएगा। 7 एक्सप्रेसवे बनाने का वादा किया गया है। इसके अलावा 3600 किलोमीटर रेल ट्रैक आधुनिकीकरण, अमृत बारत एक्सप्रेस व नमो रैपिड रेल सेवा का विस्तार किया जाएगा। 4 नए शहरों में मेट्रो की शुरुआत की जाएगी।
7. आधुनिक शहरी विकास
वादा किया गया है कि ‘न्यू पटना’ में ग्रीनफील्ड शहर, प्रमुख शहरों में सैटेलाइट टाउनशिप मां जानकी की पवित्र जन्मस्थली को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी सीतापुरम के रूप में विकसित किया जाएगा।

8. बिहार से सीधी विदेश उड़ान
घोषणापत्र में वादा किया गया है कि पटना के नजदीक ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, 10 नए शहरों से घरेलू उड़ानें शुरू करेंगे।
9. औद्योगिक क्रांति गारंटी
विकसित बिहार औद्योगिक मिशन के तहत 1 लाख करोड़ के निवेश से औद्योगिक क्रांति लाएंगे और विकसित बिहार इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट मास्टर प्लान बनाने की बात कही गई है, जो औद्योगिकीकरण व नौकरियों की नींव रखेगा।
10. हर जिले में फैक्ट्री, हर घर में रोजगार
घोषणा पत्र में वादा किया गया है कि प्रत्येक जिले में अत्याधुनिक मैन्युपैक्चरिंग यूनिट और 10 नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे।
11. गरीबों के लिए पंचामृत गारंटी
घोषणापत्र में कहा गया है कि गरीबों को मुफ्त राशन मिलना जारी रहेगा। 125 यूनिट मुफ्त बिजली मिलेगी। 5 लाख तक मुफ्त इलाज मिलेगा। 50 लाख नए पक्के मकान बनाए जाएंगे। सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जाएगी।

12. केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा
सभी गरीब परिवारों के छात्रों को मुफ्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मिड-डे मील के साथ पौष्टिक नाश्ता व स्कूलों में आधुनिक स्किल लैब स्थापित करेंगे।
13. गिग वर्कर्स व ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों का सम्मान
असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को वित्तीय सहायता दी जाएगी। कौशल प्रशिक्षण, ऑटो टैक्सी एवं ई-रिक्शा चालकों को 4 लाख का जीवन बीमा देंगे। गिग वर्कर्स और ऑटो-टैक्सी- ई रिक्शा चालकों को कोलैटरल फ्री वाहन ऋण न्यूनतम ब्याज दर पर देंगे।
14. धार्मिक पर्यटन का विकास
मां जानकी मंदिर और विष्णुपद, महाबोधि कॉरिडोर का निर्माण, रामायण, जैन, बौद्ध, गंगा सर्किट का विकास, 1 लाख ग्रीन होमस्टे स्थापित करने के लिए कोलैटरल फ्री ऋण उपलब्ध कराएंगे।
15. 5 वर्षों में बाढ़ मुक्त बिहार
फ्लड मैनेजमेंट बोर्ड की स्थापना एवं फ्लड टू फॉर्च्यून मॉडल के अंतगर्त नदी जोड़ परियोजना, तटबंध, नहरों का शीघ्र निर्माण करके कृषि व मत्स्य पालन को बढ़ावा देंगे।


