वैष्णो देवी यात्रा के दौरान समस्तीपुर के 5 श्रद्धालुओं की भूस्खलन में मौ’त, एक ही परिवार के 4 सदस्य शामिल, CM नीतीश ने भी जताया शोक

समस्तीपुर : जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित वैष्णो देवी धाम में रविवार 26 अगस्त को हुए भूस्खलन में समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड के पाँच श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य और एक रिश्तेदार की नाबालिग बेटी शामिल है। हादसा अर्ध कुमारी के पास भारी बारिश के चलते हुआ।
जानकारी के अनुसार, मृतकों में सोरमार पंचायत के रामपारन निवासी प्रदीप मंडल का पुत्र अजय कुमार (45 वर्ष), उसके छोटे भाई राजा कुमार (32 वर्ष), राजा की पत्नी पिंकी देवी (28 वर्ष) और उनकी बेटी दीपांशी (7 वर्ष) शामिल हैं। वहीं गोपालपुर पंचायत निवासी मनोहर राय की पुत्री तान्या (15 वर्ष) भी इस हादसे में काल के गाल में समा गई।

मृतक राजा के चाचा शंभू शरण महतो ने बताया कि राजा परिवार के साथ दिल्ली के मजनू टीला इलाके में रहकर मजदूरी करता था। साल में दो बार ही गांव आता था। छह महीने पहले ही वह गांव आया था। बताया गया कि अजय कुमार की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी।
परिवार 24 अगस्त को माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए बस से रवाना हुआ था। इसी दौरान यह दुखद हादसा हो गया। हादसे में राजा का दो वर्षीय पुत्र प्रियांश घायल हो गया है। माता-पिता की मौत के बाद अब उसके साथ उसकी बड़ी बहन पूरी तरह अनाथ हो गई है।
माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी में हुये भूस्खलन में समस्तीपुर जिला के रहनेवाले 5 लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना काफी दु:खद है।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने शोक संतप्त परिवारों को दु:ख की इस घड़ी में…
— IPRD Bihar (@IPRDBihar) August 29, 2025

परिजनों के अनुसार, मृतकों के पार्थिव शरीर दिल्ली लाए जाएंगे और वहीं अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना की सूचना गुरुवार देर रात समस्तीपुर पहुंची, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। सोरमार और गोपालपुर पंचायत में गहरा शोक व्याप्त है।
इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से हादसे पर गहरी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने ईश्वर से शोकाकुल परिवार को धैर्य व शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने दिल्ली स्थित स्थानिक आयुक्त को निर्देश दिया है कि जम्मू-कश्मीर सरकार से समन्वय कर मृतकों के पार्थिव शरीर उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
वैष्णो देवी में हुये भूस्खलन में समस्तीपुर जिला के रहनेवाले 5 लोगों की मौत; CM नीतीश ने भी जताया दुख, पार्थिव शरीर को घर तक लाने की व्यवस्था करने का दिया निर्देश#samastipur #news #VaishnoDeviLandslide pic.twitter.com/0xZvCP4hjN
— Samastipur Town (@samastipurtown) August 29, 2025





