डॉक्टर की नई स्कॉर्पियो चुराकर कर रहे थे शराब तस्करी; मुफस्सिल पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाने की पुलिस ने एक डॉक्टर के स्कॉर्पियो चोरी कांड का सफल उद्भेदन करते हुए चोरी की गई स्कॉर्पियो के साथ दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि 7 अगस्त की रात मोहनपुर रोड से एक काले रंग की स्कॉर्पियो अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में बथुआ गांव के वार्ड संख्या-15 निवासी अजय कुमार के पुत्र अभिजीत कुमार जो पेशे से एक डॉक्टर हैं, उनके आवेदन पर मुफस्सिल थाने में मामला दर्ज किया गया था।
इसके बाद मुफस्सिल थानाध्यक्ष द्वारा गाड़ी की बरामदगी एवं चोरों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। अनुसंधान एवं तकनीकी आसूचना के आधार पर पुलिस ने दो अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर निवासी श्रवण राय के पुत्र अभिषेक कुमार और मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलौथ निवासी सतीश झा के पुत्र आदित्य कुमार के रूप में की गई है। दोनों पेशेवर अपराधी बताए जाते हैं और इनका आपराधिक इतिहास भी रहा है। चोरी कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

पहले चाबी छिनी फिर स्कॉर्पियो चुरायी :
मिली जानकारी के अनुसार 7 अगस्त से पहले मोहनपुर रोड से एक रैली गुजर रही थी। इस दौरान विवाद हो गया। तभी मौका देख बदमाशों ने एक युवक को मारपीट कर उससे गाड़ी की चाबी छीन ली। इसके बाद वह लोग उक्त चाबी के आधार पर गाड़ी को ढुंढने के लिये बटन दबाते हुए आसपास घूम रहे थे। इस बीच माॅल के पास एक स्कॉर्पियो गाड़ी में अनलाॅक का आवाज होने पर उनलोगों ने उक्त स्कॉर्पियो को चुरा ली और वहां से निकल गये।

चोरी की गई स्कॉर्पियो कुछ महीने पहले ही डाॅक्टर के द्वारा खरीदी गयी थी। चोरी के बाद उक्त स्कार्पियो से शराब की भी उत्तर प्रदेश से तस्करी की गई थी। इसके बाद उक्त स्कॉर्पियो को भमरूपुर में छीपाकर रखी गयी थी। छानबीन के दौरान अभिषेक और आदित्य की गिरफ्तारी के बाद स्कॉर्पियो की बरामदगी हुई। मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया कि दो अन्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी जारी है।




