सांसद नित्यानंद राय की अध्यक्षता में दिशा की बैठक संपन्न, विभागवार की गयी योजनाओं की समीक्षा

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
समस्तीपुर : केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय एवं निगरानी ‘दिशा’ की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत अध्यक्ष नित्यानंद राय के साथ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री रामनाथ ठाकुर, समस्तीपुर की सांसद शाम्भवी चौधरी, डीएम रोशन कुशवाहा, एसपी अरविंद कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष खुशबु कुमारी, महापौर अनीता राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
तत्पश्चात डीएम द्वारा अध्यक्ष को पौधा देकर सम्मानित किया गया, एसपी द्वारा केंद्रीय कृषि एवं कल्याण मंत्री रामनाथ ठाकुर को पौधा देकर सम्मानित किया गया तथा शाम्भवी चौधरी को डीडीसी शैलजा पांडे द्वारा पौधा लेकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात बैठक की कार्रवाई पूर्व के अनुपालन से प्रारंभ की गई।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री-सह-अध्यक्ष द्वारा अनुपालन के बिंदुओं पर सभी उपस्थित सदस्यों से यदि कोई आपत्ति हो तो दर्ज करने का अनुरोध किया गया अन्यथा पूर्व की बैठक को संपुष्ट करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया। बैठक में प्रमुख रूप से कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री रामनाथ ठाकुर द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को स्कूल में भवनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, जिला पंचायत राज पदाधिकारी को निविदा करते हुए आवश्यक कार्य करने तथा एसपी से कर्पूरीग्राम से समस्तीपुर आने के क्रम में पड़ने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या से निदान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसी क्रम में मंत्री द्वारा डीएम को बस स्टैंड के पास अनावश्यक रूप से वाहनों के पड़ाव के कारण होने वाली जाम की समस्या को दूर करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

सांसद नित्यानंद राय की अध्यक्षता में समस्तीपुर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति 'दिशा' की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में विकासात्मक व कल्याणकारी योजनाओं तथा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई।#Samastipur @DM_Samastipur pic.twitter.com/xC1IKtXmVW
— Samastipur Town (@samastipurtown) June 30, 2025
इसके पश्चात पीएचइडी की समीक्षा के क्रम में विधान पार्षद तरुण कुमार, मोरवा विधायक रणविजय साहू , मोहिउद्दीननगर विधायक राजेश सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा अतिरिक्त चापाकल अधिष्ठापन हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया जिस पर जिलाधिकारी द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करने को लेकर आश्वासन दिया गया।

इसके पश्चात सांसद शांभवी चौधरी द्वारा स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत विभिन्न अस्पतालों यथा पूसा अनुमंडलीय अस्पताल, ताजपुर तथा सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की समस्या के विषय में सिविल सर्जन से पृच्छा की गई तथा नाराजगी जाहिर की गई एवं सिविल सर्जन से इस संबंध में यथाशीघ्र आवश्यक कार्रवाई करते हुए कृत कार्रवाई से अवगत कराने का निर्देश दिया गया। वहीं भोला टॉकीज गुमटी व मुक्तापुर गुमटी पर आरओबी निर्माण को लेकर अधिकारियों से पृच्छा की गई तो अधिकारियों ने एक महीने के भीतर काम शुरू करने के लिये समय मांगा।

महिला सशक्तिकरण की समीक्षा के क्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस द्वारा उपस्थित अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों को बताया गया कि कलेक्ट्रेट परिसर में, पुलिस लाइन में पालना घर का अधिष्ठापन किया जा चुका है एक अन्य पालना घर का अधिष्ठापन किया जा रहा है। मोहिउद्दीननगर विधायक राजेश सिंह द्वारा अध्यक्ष को बताया गया कि मोहिद्दीननगर का क्षेत्र बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है अतः एसडीआरएफ की टीम की वहां नियमित रूप से प्रतिनियुक्ति आवश्यक है। इस संदर्भ में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन द्वारा बताया गया कि एसडीओ की अधियाचना के आलोक में वहां पर एसडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति शीघ्र ही कर दी जाएगी।

एसडीआरएफ के भवन का निर्माण उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत किया गया है जिसमें एसडीआरएफ के जवान रहते हैं और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में भेजा जाता है।अंत में अध्यक्ष- सह -केंद्रीय गृह राज्य मंत्री द्वारा बताया गया कि आगे से बैठकों में विभिन्न विभागों को चिन्हित कर महत्वपूर्ण विभागों की समीक्षा की जाएगी। शेष विभागों की अगली बार बैठक की जाएगी ताकि सभी विभागों की बेहतर तरीके से समीक्षा की जा सके एवं उनका प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके। अंत में जिलाधिकारी द्वारा अध्यक्ष को स्मृति प्रदान किया गया एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक की कार्रवाई समाप्त की गई।


