समस्तीपुर में आवास योजना (शहरी) 2.0 के पहले फेज में शहर से 2 हजार 456 लाभार्थियों का चयन
यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
समस्तीपुर :- 2024-25 में सबके लिए आवास योजना (शहरी) 2.0 में पहले फेज में शहर से कुल 2456 लाभार्थियों का चयन किया गया है। चयनित इन लाभार्थियों का नाम नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार को भेजा गया है। नगर निगम के नगर आयुक्त केडी प्रोज्जवल ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में नए 2375 बीएलसी तथा 81 एएचपी मिला कर कुल 2456 आवास विहीन परिवारों को आवास मुहैया कराने के लिए चयन कर नगर निगम ने अनुमोदन के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग को भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि जिन लोगों के आवेदन निर्धारित मानक में शामिल हैं, उनका चयन किया गया है। लाभार्थियों का नाम नए सिस्टम में इंट्री की जा रही है। पुराने सिस्टम में सरकार ने बदलाव कर दिया है। बता दें, कि नगर निगम कार्यालय में शहर के कुल 47 वार्डों से करीब आठ हजार आवेदन किए गए हैं। अपने आवेदन पत्रों की अद्दतन स्थिति की जानकारी लेने के लिए रोज नगर निगम कार्यालय के नीचे आवास योजना कार्यालय में लोगों की दिनभर भीड़ लगी रहती है। इस कार्यालय में आवेदन पत्रों का अंबार लगा हुआ है।

कुछ आवेदकों का कहना है कि उनका आवेदन कार्यालय में नहीं मिल रहा है। कुछ वार्डों के वार्ड पार्षदों का कहना है कि जिन लोगों का आवेदन लिया जाता है, उनको कार्यालय से पावती नहीं दी जाती है। बाद में उनका आवेदन जल्दी कार्यालय में खोजने पर भी नहीं मिलता है। कई आवेदकों का आवेदन कार्यालय से गुम है। जिससे संबंधित आवेदक परेशान हैं और कार्यालय का लगातार चक्कर लगा रहे हैं।






