समस्तीपुर नगर निगम द्वारा शहर में लगाए जाएंगे 141 नए चापाकल, पहले के चापाकलों में से कुछ गायब तो कुछ बेकाम

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
समस्तीपुर :- समस्तीपुर शहर में सभी लोगों तक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए शहर में कुल 141 नए चापाकल गाड़े जाएंगे। हर वार्ड में तीन-तीन चापाकल गाड़े जाने हैं। एक वार्ड में समरसेबल लगाया जाएगा। नगर निगम के स्तर से इसको लेकर कवायद की जा रही है। नगर निगम समस्तीपुर के अंतर्गत शहर में कुल 47 वार्ड हैं। जहां नए चापाकल लगाए जाने है। नगर निगम बोर्ड से इसकी स्वीकृति मिली हुई है।
पीएचईडी, समस्तीपुर को नए चापाकल व समरसेबल लगाने के लिए नगर निगम ने टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने के लिए लिखा है। इससे पहले नगर निगम ने नगर विकास व आवास विभाग, बिहार सरकार को लिखा था, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं करने के बाद पीएचईडी को इस मामले में पहल करने को कहा गया।

बता दें कि शहर में पहले से नगर परिषद के अंतर्गत आने वाले 27 वार्डों में चापाकल गाड़े गए थे। बाद में कई चापाकल सार्वजनिक स्थलों से गायब हो गए। जो बचे थे उनमें कई बेकाम हैं। जितने चालू हालत में हैं उनसे जरूरतमंद लोगों का काम नहीं चलता है। नगर निगम बनने के बाद 16 नए वार्ड निगम में शामिल हो गए। इसके बाद कुल 47 वार्ड बन गए। नए वार्डों में भी चापाकल कम हैं। वहीं कई वार्ड में चापाकल खराब है। नल जल योजना की हालत खस्ता है। इन कारणों से हर साल खासकर गर्मी के मौसम में जल संकट का लोगों को सामना करना पड़ता है।





