बिहार में कब से कड़ाके की ठंड, छठ पूजा तक कैसा रहेगा मौसम? जाने IMD का लेटेस्ट अपडेट
बिहार में इस साल नवंबर की शुरुआत में भी गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले कुछ सालों के मुकाबले इस बार नवंबर के पहले हफ्ते में तापमान काफी अधिक है। आमतौर पर इस समय तक न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से कम हो जाता था, लेकिन अभी यह 20 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।
4 नवंबर से गिरेगा बिहार का पारा
मौसम विभाग का कहना है कि अभी बिहार में मौसम साफ रहेगा। धीरे-धीरे ठंड का असर दिखेगा। 4 नवंबर के बाद से तापमान में गिरावट के संकेत हैं। 15 नवंबर के बाद से राज्य में ठंड का असर पूरी तरह से दिखने लगेगा। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में बिहार के अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है। अगले एक हफ्ते तक मौसम में बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है।

बिहार में आ रही पछुआ हवा
दरअसल, बिहार में पछुआ हवा आ रही है। इस हवा से मौसम में काफी बदलाव आता है। इससे खास तौर पर न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, 4 नवंबर के बाद से धीरे-धीरे तापमान में गिरावट होने लगेगी। शुक्रवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी पटना में पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

15 नवंबर से बदल जाएगा बिहार का मौसम
1 नवंबर को दिन का तापमान काफी अधिक रहा। अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं दिखा। हालांकि, जैसे-जैसे उत्तर पूर्वी हवा का प्रभाव बढ़ेगा तो ठंड का असर दिखने लगेगा। अगले दो से तीन दिनों तक मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। छठ के दिनों में ठंड का असर दिख सकता है। 15 नवंबर से राज्य के मौसम में पूरी तरह से बदलाव होने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री के आसपास तक आ सकता है।




