वारिसनगर के मनियारपुर गांव में लगी भयंकर आग, लोगों ने भागकर बचाई जान, अग्निशमन टीम ने आग पर पाया काबू

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
समस्तीपुर/वारिसनगर :- समस्तीपुर के वारिसनगर थाने मनियारपुर गांव के वार्ड संख्या-6 में बुधवार की देर शाम आग लगने से गांव के लगभग 10 घर जल कर राख हो गया। लोगों ने घर से भागकर अपनी जान बचाई। आग की लपटें काफी दूर तक देखी गई। इस घटना में लाखों की संपत्ति जल गई। बाद में घटना की सूचना पर पहुंची अग्निशमन की टीम ने आग पर काबू पाया। पीड़ित परिवारों में रामभरोश राय, उत्तम राय, उपेंद्र राय, विदेश राय समेत अन्य लोगों का घर शामिल है।
समस्तीपुर जिले के वारिसनगर प्रखंड अंतर्गत मनियारपुर गांव में लगी भयंकर आग, लोगों ने भागकर बचाई जान, अग्निशमन टीम ने आग पर पाया काबू#Samastipur #Warisnagar pic.twitter.com/6RvmTV3f8l
— Samastipur Town (@samastipurtown) May 2, 2024
जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम रामभरोस राय के यहां खाना बन रहा था। इसी दौरान घर से उठी चिंगारी से आग लग गई, जो तेज हवा में भड़क उठी और देखते ही देखते आसपास के घरों में भी आग लग गई। आग की लपट को दूर तक लोगों ने देखा। इस घटना में घर के अंदर रखा अनाज, कपड़ा, नगदी आदि सभी सामान जलकर नष्ट हो गया।

अगलगी की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों को सफलता नहीं मिली। इस दौरान लोगों ने दमकल टीम को सूचना दी। बाद में वारिसनगर थाने से दमकल टीम मौके पर पहुंची, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। सूचना पर स्थानीय थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस पदाधिकारी बचाव व राहत कार्य में सहयोग प्रदान किया।







