बिहार में कैसी शराबबंदी! नशेड़ी ने क्लास में घुसकर बेरहमी से बरसाए डंडे, 11 बच्चे घायल; दहशत में टीचर
शराबबंदी वाले बिहार के मुजफ्फरपुर में एक नशेड़ी ने एक स्कूल में घुसकर कोहराम मचा दिया। सकरा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय खेमाईपट्टी में गुरुवार को एक नशेड़ी ने कक्षा में घुसकर पढ़ाई कर रहे बच्चों की बेरहमी से पिटाई कर दी। डंडा लेकर आए गांव के ही नशेड़ी संतोष पासवान के सामने जो भी बच्चे पड़े उसकी पिटाई की। बच्चों के रोने- चिल्लाने की आवाज पर शिक्षक-शिक्षिका पहुंची और शोर मचाकर लोगों को बुलाने लगी। इसबीच नशेड़ी भाग निकला। घटना में पहली, दूसरी व तीसरी कक्षा के 11 बच्चे जख्मी हो गए। करीब पांच दर्जन छात्र कक्षा में थे।
भागकर घर में जा छिपा, ग्रामीणों ने पकड़ा
बच्चों की पिटाई करने के बाद नशेड़ी संतोष भागकर अपने घर में छिप गया। जानकारी मिलने पर अभिभावक और ग्रामीण भागकर स्कूल पहुंचे। ग्रामीण संतोष को खोजने लगे। पता चला कि वह अपने घर में छिपा है। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। नशेड़ी की हड़कत से विद्यालय की शिक्षिकाएं दहशत में हैं।

शराब बेचने वाले की तलाश जारी
स्कूल की प्रधान शिक्षिका नीतू कुमारी ने थाने में आवेदन दिया है। घायल रितिका कुमारी, संजना कुमारी, रंजू कुमारी, मनीषा कुमारी, अदिति , प्रियांशु, किशन, शर्मिला कुमारी, रीमा कुमारी, आदित्य कुमार, साजन कुमारी को स्कूल की प्रधान शिक्षिका ने सकरा अस्पताल लाकर इलाज कराया। इलाज के बाद सभी बच्चों को घर भेज दिया गया। बच्चों की हालत अभी ठीक है। पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि युवक ने शराब कहां से हासिल किया। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

जमीन पर गिरे थे बच्चे, डंडा बरसा रहा था संतोष
शिक्षिका ने आवेदन में बताया कि एक ही कक्षा में पहली से तीसरी तक के छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे थे। वर्ग के शिक्षक बच्चों की हाजिरी लेकर उसे ऑनलाइन करने के लिए कार्यालय में देने आए थे। इसी दौरान नशेड़ी स्कूल में घुस गया। कक्षा में जो भी बच्चा सामने पड़ा, उसकी पिटाई कर दी। चीखें सुनकर जब वह शिक्षकों के साथ कक्षा में पहुंचीं तो कई बच्चे जमीन पर गिरे हुआ थे और चिल्ला रहे थे। आरोपित बच्चों पर डंडे बरसा रहा था। सकरा थानाध्यक्ष राजू कुमार पाल ने बताया कि आरोपित संतोष पासवान नशे की हालत में था। उसने बच्चों को क्यों मारा यह नहीं बता रहा है। पूछताछ के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।






