समस्तीपुर समेत उत्तर बिहार के जिलों में अगले दो दिनों तक पछिया हवा चलने के कारण ठंड का प्रकोप जारी रहने का अनुमान

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
समस्तीपुर :- समस्तीपुर समेत उत्तर बिहार के जिलों के आसमान में 4 से 9 जनवरी तक कहीं कहीं हल्के बादल आ सकते हैं। हालांकि मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वातावरण में अधिक नमी तथा पछिया हवा चलने के कारण पिछले दो दिनों से ठंड की स्थिति बनी हुई है। अगले दो दिनों तक पछिया हवा चलने के कारण ठंड का प्रकोप जारी रहने की सम्भावना है।
डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग के वैज्ञानिक के अनुसार अधिक नमी तथा सामान्य से कम तापमान के प्रभाव से उत्तर बिहार के अधिकांश स्थानों में सुबह में हल्के से मध्यम कुहासे छा सकते हैं। इस बीच अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 4 से 6 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से अगले दो दिनों तक पछिया हवा चलने की संभावना है।

किसानों के लिये सुझाव :
आलू, मटर, टमाटर, धनियां, लहसून एवं अन्य रबी फसलों में कृषक भाई झुलसा रोग की निगरानी करें। बदलीनुमा मौसम तथा वातावरण में नमी होने पर यह बीमारी फसलों में काफी तेजी से फैलती है। इस रोग के लक्षण दिखने पर 2.5 ग्राम डाई-इथेन एम. 45 फफूंदनाशक दवा का प्रति लीटर पानी की दर से घोल बना कर समान रुप से फसल पर 2-3 छिड़काव 10 दिनों के अन्तराल पर करें।





