Samastipur

BRB कॉलेज कैंपस में छठ घाट पर रील्स वीडियो बनाने के दौरान डूबा किशोर, करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव

समस्तीपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच शहर के बीआरबी कॉलेज स्थित छठ घाट पर शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। जिस पोखर के किनारे छठी मइया की आराधना की तैयारियां चल रही थीं, उसी पोखर में डूबने से 16 वर्षीय किशोर गोलू कुमार की मौत हो गई। बेटे को सकुशल वापस पाने की आस में मां की हर गुहार आखिरकार बेअसर रह गई। जिस आंचल में उसने अपने बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया था, उसी आंचल को फैलाकर वह छठी मइया से अपने लाल की जिंदगी मांगती रही। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुईधारा मोहल्ला, वार्ड संख्या-40 निवासी रामू दास के पुत्र गोलू कुमार (16) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शुक्रवार को गोलू बीआरबी कॉलेज स्थित छठ घाट के तालाब में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजन भी बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। मां की नजरें लगातार तालाब की ओर टिकी थीं और मन में बस एक ही उम्मीद थी कि उसका बेटा किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल किशोर की तलाश शुरू की। बाद में गोताखोरों को भी बुलाया गया। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। मोटर बोट की मदद से करीब पांच घंटे तक तालाब में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद किशोर का शव तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन आनन-फानन में बाइक से ही गोलू को शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

मां की पुकार ने सबकी आंखें कर दीं नम :

घटनास्थल पर मौजूद सबसे मार्मिक दृश्य गोलू की मां का था। बेटे की सलामती के लिए वह बार-बार छठी मइया का बार-बार नाम लेकर आंचल फैलाकर गुहार लगा रही थी। वह कहती रही कि उसका बेटा सकुशल मिल जाए तो वह भीख मांगकर सूप चढ़ाएगी। बिलखते मां की इस करुण पुकार को सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। हर कोई उसकी बेबसी देखकर भावुक था। लेकिन जब गोताखोरों ने गोलू का शव बाहर निकाला तो मां अपने कलेजे के टुकड़े को इस हालत में देखकर बेहोश हो गई। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

कर्ज लेकर दिलाया था महंगा मोबाइल, रील्स बनाने में गयी जान :

बताया गया कि गोलू को रील्स वीडियो बनाने का काफी शौक था। इसी शौक को पूरा करने के लिए उसकी मां ने कुछ दिन पहले ही कर्ज लेकर उसे महंगा मोबाइल फोन दिलाया था। परिवार को उम्मीद थी कि बेटे की छोटी-छोटी खुशियों से घर में रौनक बनी रहेगी, लेकिन किसे पता था कि वही मोबाइल और रील्स बनाने का शौक इस परिवार की जिंदगी में कभी न भरने वाला दुख छोड़ जाएगा। बताया जा रहा है कि रील्स वीडियो बनाने के दौरान ही वह छठ घाट के तालाब में डूब गया। इधर, मुफस्सिल थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। महापर्व छठ से ठीक पहले हुई इस घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

Avinash Roy

Recent Posts

छठ घाटों का डीएम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व स्वच्छता को लेकर दिए सख्त निर्देश

समस्तीपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने…

3 मिनट ago

नहाय-खाय के साथ आज से शुरू होगा लोक आस्था का महापर्व छठ

समस्तीपुर : लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ आज शुक्रवार…

12 घंटे ago

पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग का आज समस्तीपुर आगमन, छठ पर्व के दौरान उमड़ने वाली भीड़ के लिये की जा रही तैयारियों का लेंगे जायजा

समस्तीपुर : पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग का आगमन शुक्रवार को समस्तीपुर रेल…

13 घंटे ago

समस्तीपुर में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, जिले में 30.09 लाख मतदाता; 11 दिसंबर तक नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का मिलेगा मौका

समस्तीपुर : जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत गुरुवार को निर्वाचक सूची का…

21 घंटे ago

समस्तीपुर पहुंचे DIG, कहा- लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाएं, अनुसंधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

DIG मनोज तिवारी की फाइल फोटो  समस्तीपुर : जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस अनुसंधान…

21 घंटे ago

पूर्व सभापति तारकेश्वर नाथ गुप्ता के निधन पर नगर निगम कार्यालय में शोकसभा आयोजित

समस्तीपुर : नगर परिषद के पूर्व सभापति तारकेश्वर नाथ गुप्ता के असामयिक निधन पर गुरुवार…

1 दिन ago