रविवार, अक्टूबर 4, 2026

समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

36 करोड़ के सोना लूटकांड में समस्तीपुर के युवक पर दो लाख का इनाम घोषित, आरोपी की पहचान चैता गांव के प्रियदर्शी उर्फ दर्शन के रूप में की गई 

paid hero ad 20250215 123933 1 scaled

समस्तीपुर : जमशेदपुर के बहुचर्चित करीब 36 करोड़ रुपये के सोना लूटकांड के जांच की आंच अब समस्तीपुर तक पहुंची हुई है। जिले के अंगारघाट थाना क्षेत्र के चैता गांव निवासी अरुण कुमार राय के पुत्र प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार का नाम इस मामले में सामने आने के बाद झारखंड पुलिस ने उसकी तस्वीर जारी की है। आरोपी की गिरफ्तारी और पहचान में मदद करने वाले व्यक्ति के लिए पुलिस ने दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। आरोपित का नाम सामने आने के बाद झारखंड पुलिस की टीम समस्तीपुर में उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

उसके संभावित ठिकानों के साथ ही उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और रिश्तेदारों के बारे में भी जानकारी जुटायी जा रही है। इससे पहले सोमवार को भी झारखंड पुलिस की एसटीएफ ने अंगारघाट और विभूतिपुर थाना क्षेत्र में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की थी। इस दौरान विभूतिपुर के बोरिया गांव से एक संदिग्ध को पूछताछ के लिये पकड़कर झारखंड पुलिस अपने साथ ले गयी थी।

file 0000000024b48211aa752e89fc9a15de

इधर जमशेदपुर केनरा बैंक लूट की जांच में समस्तीपुर के चैता गांव के युवक प्रियदर्शी उर्फ दर्शन का नाम सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी जिला पुलिस व डीआईयू की टीम सक्रिय हो गयी है। झारखंड पुलिस तकनीकी जांच के आधार पर आरोपित तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात में शामिल गिरोह के सदस्यों के द्वारा घटना को अंजाम देने के बाद समस्तीपुर जिले में पहुंचने की आशंका है। इसी आधार पर जिले में संभावित ठिकानों की जानकारी जुटायी जा रही है।

बैंक-ज्वेलरी लूट में पहले भी सामने आता रहा है समस्तीपुर कनेक्शन :

देश के अलग-अलग राज्यों में बैंक और ज्वेलरी शोरूम में होने वाली बड़ी लूट की घटनाओं की जांच के दौरान समस्तीपुर जिले के अपराधियों का नाम पहले भी सामने आते रहा है। पुलिस की जांच में कई बार जिले के अपराधियों के दूसरे जिलों और प्रदेश में सक्रिय गिरोहों से जुड़े होने की बात सामने आती रही है। झारखंड के धनबाद में बैंक मोड़ के पास 6 सितंबर 2022 को मुथूट फिनकॉर्प में लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। इस दौरान पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हुई थी जिसमें एक बदमाश ढेर हो गया था, वहीं अन्य को पकड़ा गया था। इस घटना को भी समस्तीपुर के गैंग ने ही अंजाम दिया था। वहीं इसी गैंग के सदस्यों ने 3 सितंबर 2022 को धनसार स्थित गुंजन ज्‍वेलस में दिनदहाड़े डाका डालकर करीब ढाई किलो सोना लूट लिया था। इसके अलावे देश के अलग-अलग हिस्सों से कई क्विंटल सोना लूटकांड मामले में समस्तीपुर जिले के गिरोहों का नाम सामनें आ चुका है।

IMG 20240904 WA0139

24 सितंबर को बैंक में दिनदहाड़े हुई थी लूट :

बता दें कि 24 सितंबर 2026 को जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में पांच अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। बैंक खुलने के कुछ ही देर बाद अपराधी अंदर घुसे और बैंककर्मियों तथा ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने बैंक के लॉकर में रखे करीब 23 किलो सोना और 43 लाख रुपये नकद लूट लिये। लूटे गये सोने की कीमत करीब 36 करोड़ रुपये आंकी गयी है। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गये थे। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में अपराधियों की गतिविधियां कैद हुई थीं। जांच के दौरान पुलिस ने फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की। जांच आगे बढ़ने के साथ झारखंड पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में दिखे बदमाशों की तस्वीरें जारी की हैं।

FB ADD scaled

IMG 20260929 WA0127

पुलिस ने उनकी पहचान और गिरफ्तारी में सहयोग करने के लिए प्रत्येक पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इतने बड़े बैंक लूटकांड को अंजाम देने से पहले अपराधियों ने कहां रेकी की थी और वारदात के बाद लूट का सोना और नगदी कहां ले जायी गयी। पुलिस को आशंका है कि इतने बड़े अपराध को अंजाम देने के लिए गिरोह ने अलग-अलग इलाकों में अपने संपर्कों का इस्तेमाल किया होगा। पुलिस को आशंका है की आभूषण को समस्तीपुर व दरभंगा के रास्ते नेपाल में खपाने की योजना है।

IMG 20260516 WA0116

20201015 075150