समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के वैनी थाना क्षेत्र में चंदौली-चकले वैनी सीमा के समीप जमुआरी नदी पर निर्माणाधीन पुल के पास पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 16 वर्षीय बालक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान चंदौली पंचायत के वार्ड संख्या छह निवासी गज्जू सहनी के पुत्र बालवीर कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि बालवीर गड्ढे में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना की जानकारी मिलने पर वैनी थानाध्यक्ष कल्पना कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। गड्ढे के किनारे बालवीर की चप्पल मिलने के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू करायी। पानी अधिक होने के कारण शव की तलाश में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
शव की तलाश के दौरान पुलिस प्रशासन ने जेसीबी की मदद से डायवर्सन सहित आसपास के निचले स्थानों को काटकर गड्ढे का पानी निकालने का प्रयास किया। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से बालवीर का शव पानी से बाहर निकाला गया। घटनास्थल पर सीओ वागीशा प्रियदर्शी, थानाध्यक्ष कल्पना कुमारी समेत सशस्त्र बल मौजूद थे। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे।
बालक की मौत की सूचना के बाद परिजन और स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गये। लोगों ने पूसा रोड रेलवे क्रॉसिंग के समीप शव रखकर ताजपुर-पूसा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीण प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को पूरा करने की मांग करने लगे। खबर प्रेषण तक ग्रामीणों को आलाधिकारियों के जाम स्थल पर पहुंचने का इंतजार था। प्रमुख रविता तिवारी समेत अन्य लोग परिजनों और ग्रामीणों को समझाने में जुटे थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार जमुआरी नदी के उड़ाहीकरण के दौरान जंगाहीपुर से लेकर गंतव्य तक नदी पर बने पुराने पुलों का नवनिर्माण कराया जा रहा है। करीब छह माह पहले पुराने पुलों को तोड़ दिया गया था। पुल के बेस को मजबूत करने के लिए करीब 30 फीट नीचे से रड डालकर निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन इसे अब तक पूरा नहीं किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण आसपास के लोगों और राहगीरों को परेशानी होती है। बारिश के दिनों में अधूरे निर्माण स्थल पर पानी जमा होने से खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार जमुआरी नदी पर निर्माणाधीन कई पुलों की स्थिति लगभग ऐसी ही है। पुराने पुलों को तोड़े जाने के बाद अब तक नवनिर्मित पुलों में से कोई भी पूरी तरह यातायात के लिए चालू नहीं हो सका है।
समस्तीपुर : बिहार में चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति यानी टीआर-4 को लेकर अभ्यर्थियों की…
समस्तीपुर/दलसिंहसराय : समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय के डैनी चौक स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय…
समस्तीपुर/ताजपुर : ताजपुर थाना क्षेत्र के चक पहाड़ गांव में अपराध की योजना बनाने की…
समस्तीपुर : शहर के ओवरब्रिज पर मैस्टिक पिचिंग का काम पूरा होने के बाद रविवार…
समस्तीपुर : बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज…
समस्तीपुर : सोशल मीडिया पर समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बगहा और बेतिया रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म बाढ़…