समस्तीपुर/विद्यापतिनगर [पद्माकर सिंह लाला] : घटहो थाना क्षेत्र के विद्यापतिनगर प्रखंड अंतर्गत बनवारा चौक के समीप शनिवार दोपहर तेज रफ्तार अज्ञात बाइक की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार फरार हो गया। महिला की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। लोगों ने हाई स्कूल बनघारा के समीप विद्यापतिनगर-घटहो मुख्य सड़क को जाम शव के साथ जाम कर सड़क पर आगजनी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ घंटों जमकर नारेबाजी व प्रदर्शन कर बवाल काटा। जाम हटाने पहुंची पुलिस को भी ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच हाथापायी व झड़प होने से स्थिति तनावपूर्ण बन गई। मृतका की पहचान दलसिंहसराय प्रखंड अंतर्गत सुल्तानपुर घटहो पंचायत के वार्ड संख्या – 17 निवासी शिवशंकर साह की पत्नी जीवछी देवी (55 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार जीवछी देवी शनिवार दोपहर खेत में मजदूरी करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बनवारा चौक के समीप विद्यापतिनगर-घटहो मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिर गईं। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचने लगे। महिला की मौत की खबर से लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना था कि इस मुख्य सड़क पर वाहन चालक अक्सर तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण हादसे लगातार हो रहे हैं। इसी को लेकर लोगों का गुस्सा पुलिस प्रशासन के खिलाफ भड़क उठा।
आक्रोशित ग्रामीणों ने हाई स्कूल बनघारा के समीप सड़क पर आगजनी कर विद्यापतिनगर-घटहो मुख्य मार्ग को शव के साथ पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। कई वाहन चालक वैकल्पिक रास्तों से निकलने की कोशिश करते नजर आए। घटना व जाम की सूचना मिलने पर घटहो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर सड़क खाली कराने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए घटहो थानाध्यक्ष रजनीश रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने उनका भी विरोध किया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई हुई और कुछ देर के लिए झड़प की स्थिति बन गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण फरार बाइक चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दलसिंहसराय अंचल पुलिस निरीक्षक पिंकी प्रसाद भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों और मृतका के परिजनों से बातचीत की और उनकी मांगों को सुना। पुलिस निरीक्षक लोगों को समझाने तथा स्थिति को शांत करने में जुटी हुई हैं। अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया जा रहा है। ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात बाइक चालक की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए। इसके अलावा मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने और मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की जा रही है।
घंटों सड़क जाम के कारण विद्यापतिनगर-घटहो मुख्य मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लगने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने और स्थिति सामान्य करने के प्रयास में जुटे हैं। उधर पुलिस फरार बाइक सवार की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना के कारणों की जांच में जुटी है। खबर लिखे जाने तक ग्रामीणों का विरोध जारी था और प्रशासन की ओर से उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा था।
समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मूसापुर मोहल्ले में एक बंद मकान को निशाना बनाकर…
समस्तीपुर : केएसआर कॉलेज सरायरंजन को प्रस्तावित पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे के रूट से बचाने और जिले…
समस्तीपुर : द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की वित्तीय बाजार एवं निवेशक…
समस्तीपुर/मोहिउद्दीननगर : समस्तीपुर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के राजपुर जौनापुर में गंगा नदी के…
समस्तीपुर/दलसिंहसराय : समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के एक गांव में ननिहाल आई 15…
समस्तीपुर/पूसा : समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र के हरपुर महमदा में ठेकेदारी, जमीन से…