समस्तीपुर/सरायरंजन : समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बरबट्टा हाट स्थित अमित मेडिकल हॉल में मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला काटकर करीब तीन लाख रुपये मूल्य की दवाएं और गल्ले में रखे 20,500 रुपये नगद चोरी कर लिए। बुधवार सुबह मेडिकल हॉल खोलने पहुंचे संचालक ने दुकान का ताला टूटा देखा तो घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने के बाद मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मेडिकल हॉल संचालक अरुण कुमार, पिता जगदीश राय, निवासी दबाईपट्टी, थाना सरायरंजन ने बताया कि मंगलवार रात उनके छोटे भाई अर्जुन कुमार राय दुकान चला रहे थे। रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए। इसी दौरान परिवार में बच्ची की तबीयत खराब होने के कारण अरुण कुमार रात में दुकान के पास नहीं लौट सके और घर पर ही रुक गए।
बुधवार सुबह करीब पांच बजे जब अरुण कुमार मेडिकल हॉल पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। दुकान में चोरी की आशंका होने पर उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया और दुकान के अंदर जाकर जांच की। इस दौरान कई जगह दवाएं बिखरी हुई थीं, जबकि गल्ला खुला पड़ा था। जांच के दौरान पता चला कि मेडिकल हॉल से कई कीमती दवाएं गायब हैं। संचालक के अनुसार, चोरी गई दवाओं की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये है। इसके अलावा गल्ले में रखे 20,500 रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना तत्काल मुसरीघरारी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मेडिकल हॉल और उसके आसपास के इलाके की जांच की। पुलिस चोरी के तरीके और घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा सकते हैं, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इधर, बरबट्टा हाट में मेडिकल हॉल में चोरी की घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में भी चिंता बढ़ गई है। दुकानदारों ने रात के समय बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
समस्तीपुर : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के धरमपुर जिलेबिया मोड़ स्थित रेलवे गुमटी के पास एक…
समस्तीपुर/विद्यापतिनगर : ईद-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर बुधवार को विद्यापतिनगर से मलकलीपुर की ओर निकाले जा…
समस्तीपुर/विभूतिपुर : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के महथी बांध पर बुधवार की देर शाम दो बाइक…
समस्तीपुर : समस्तीपुर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय रसलपुर पैठान के प्रधान शिक्षक राजीव रंजन पर…
समस्तीपुर/शिवाजीनगर : समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत कांकर घाट पुल के निकट ग्रामीण कार्य…
बिहार के बेगूसराय जिले के तेयाय गांव की रहने वाली 13 वर्षीय यशिता भारद्वाज ने…