समस्तीपुर : समस्तीपुर में बिजली विभाग में कार्यरत मानव बल राहुल की सोमवार को करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को पटेल मैदान गोलंबर पर रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने जमीनी विवाद में साजिश के तहत हत्या कराने का आरोप लगाते हुए आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मृतक के परिजनों के अनुसार, सोमवार को करीब 10 बजे राहुल को किसी व्यक्ति का फोन आया, जिसके बाद वह ड्यूटी के लिए चीनी मिल चौक के समीप स्थित एक ट्रांसफार्मर पर काम करने पहुंचा। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति चालू हो गई और वह करंट की चपेट में आ गया।
गंभीर रूप से झुलसे राहुल को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राहुल की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने अस्पताल में समुचित व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया और बाद में शव को पटेल मैदान गोलंबर पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान मृतक के पिता ने अपनी धोती से बेटे के शव को ढक रखा था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
प्रदर्शन कर रहे परिजनों का आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति से उनका लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि उसी विवाद के कारण साजिश रचकर राहुल की हत्या कराई गई है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपित की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। हंगामे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल पटेल मैदान गोलंबर पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शव का पोस्टमार्टम कराने का प्रयास किया।
इस संबंध में सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस परिजनों को समझाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद लगाए गए सभी आरोपों और करंट लगने की घटना, दोनों पहलुओं की गंभीरता से जांच की जाएगी। जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बनधारा रुपौली गांव में रविवार की…
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र से रिश्तों को उलझाने वाला एक अनोखा…
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र के दरबा पंचायत स्थित अकौना गांव में…
समस्तीपुर : शहर के मोहनपुर स्थित होली मिशन हाई स्कूल में कारगिल विजय दिवस के…
समस्तीपुर/उजियारपुर : उजियारपुर प्रखंड के मालती गांव में रविवार को नीट-2026 (NEET-2026) में सफलता हासिल…
समस्तीपुर : ताजपुर थाना क्षेत्र के चर्चित स्कूल संचालक सह प्रॉपर्टी डीलर गणेश सहनी हत्याकांड…