समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े झपटमारी की एक बड़ी घटना सामने आई है। पंजाब नेशनल बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रही एक महिला से बाइक सवार दो अपराधियों ने नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग छीन लिया। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, बसढ़िया गांव निवासी प्रतिभा कुमारी सोमवार को पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से 55 हजार रुपये निकालकर अपने पति बिंदेश्वर कुमार सिंह के साथ घर लौट रही थीं। उनके बैग में पहले से 10 हजार रुपये नकद भी रखे थे। इसके अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, एसबीआई और पीएनबी की पासबुक तथा एटीएम कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज भी मौजूद थे।
पीड़िता ने बताया कि रास्ते में उनके पति अम्बिका इलेक्ट्रॉनिक्स के पास कुछ सामान खरीदने के लिए रुके थे। इसी दौरान काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनके हाथ से बैग छीनकर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं सकीं।
बैग छिनते ही प्रतिभा कुमारी ने शोर मचाया। आसपास के लोगों ने भी अपराधियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बदमाश तेजी से भाग निकले। बताया जाता है कि उन्होंने संकरी गलियों का सहारा लेकर पीछा कर रहे लोगों को चकमा दे दिया।
घटना के बाद पीड़िता ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बैंक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बैंक के भीतर संदिग्ध गतिविधि करते हुए एक युवक दिखाई दिया है। पीड़िता ने भी फुटेज में दिख रहे व्यक्ति की पहचान संदिग्ध के रूप में की है।
थानाध्यक्ष मोहम्मद इरशाद आलम ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बैंक से लेकर घटनास्थल तक के सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। अपराधियों के हुलिए और बाइक की पहचान के आधार पर उनकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
समस्तीपुर : शिक्षा, रोजगार, महंगाई और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के मुद्दों को लेकर…
भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर और जमुई की घटना पर सवाल उठाना बक्सर से…
बिहार की राजनीति में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की भूमिका एक बार फिर चर्चा में…
फाइल फोटो (DIG मिथिलेश तिवारी) समस्तीपुर : दुर्गा पूजा, विजयादशमी और अन्य त्योहारों के दौरान…
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने…
समस्तीपुर : आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुये रेलवे ने…