समस्तीपुर : पांच महीनों की तपस्या पलभर में राख, किसानों की आंखों के सामने जल गई उम्मीदों की सुनहरी फसल
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र के धरनी पट्टी पश्चिम पंचायत के मकनपुर गांव में सोमवार की सुबह उस समय दर्दनाक मंजर देखने को मिला, जब अचानक लगी भीषण आग ने किसानों के सपनों को जलाकर राख कर दिया। जिन खेतों में कुछ ही दिनों बाद हंसी-खुशी के बीच कटनी होनी थी, वहां अब सिर्फ राख और सन्नाटा पसरा है। खेत में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 100 बीघा से अधिक में लगी तैयार गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। खेतों में लहलहाती सुनहरी बालियां, जो किसानों की मेहनत और उम्मीदों की कहानी कह रही थीं, कुछ ही पलों में धुएं और राख में बदल गईं।
यह सिर्फ फसल नहीं थी, बल्कि किसानों के अरमान थे, उनके बच्चों की पढ़ाई का सहारा था, घर की रसोई का भरोसा था और कर्ज चुकाने की उम्मीद थी। किसी किसान ने कर्ज लेकर बीज बोया था, तो किसी ने मजदूरी कर खेत तैयार किया था। पांच महीनों तक पसीना बहाकर तैयार की गई यह फसल कटाई से ठीक पहले आग की भेंट चढ़ गई। घटना के दौरान किसान आग बुझाने की हर संभव कोशिश करते रहे, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि उनकी एक न चली।
करीब 11 किसानों की पूरी फसल इस अग्निकांड में बर्बाद हो गई, जिससे गांव में मायूसी और दर्द का माहौल है। आग बुझने के बाद खेतों में बची सिर्फ राख, जली हुई बालियां और किसानों की नम आंखें इस त्रासदी की गवाही दे रही थीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है ताकि प्रभावित किसानों को इस कठिन समय में कुछ सहारा मिल सके। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।


