हसनपुर में दो दिनों से गायब युवक का मिला शव, बेरहमी से गला रेतकर चहारदीवारी के अंदर फेंका

समस्तीपुर/हसनपुर : समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र में दो दिनों से गायब एक 19 वर्षीय युवक की बेरहमी से गला रेतकर हत्या का मामला सामने आया है। बागमती नदी के किनारे बाईपास के पास एक चहारदीवारी के अंदर पुलिस ने युवक का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान मल्हीपुर वार्ड संख्या-9 निवासी शंकर साह के पुत्र राकेश कुमार के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार अपराधियों ने राकेश की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की है। इतना ही नहीं हत्या से पहले उसके साथ मारपीट भी की गई और उसके शरीर पर चाकू से गोदने के दर्जनों निशान मिले हैं, जिससे घटना की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बताया जाता है कि राकेश सोमवार की देर शाम से लापता था और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। परिजनों ने मंगलवार को हसनपुर थाना में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी दौरान मंगलवार की देर शाम भरद्वाज कॉलेज के पीछे बांसबाड़ी से पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल और टी-शर्ट बरामद की थी। घटनास्थल पर खून के धब्बे भी मिले थे, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी थी। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

इस दौरान बुधवार को भी ग्रामीणों और पुलिस की टीम युवक की तलाश में जुटी रही। डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर मृत बागमती नदी के उत्तरी तटबंध के पास स्थित एक चहारदीवारी के अंदर से शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस के कब्जे से शव लेकर बाजार स्थित सुभाष चौक को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस कारण कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। बाद में थानाध्यक्ष अकमल खुर्शीद और इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इस संबंध में इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।






